सिद्धार्थनगर। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 14 से 16 जून तक आयोजित जनकल्याण शिविर और स्वास्थ्य मेले के तहत रविवार को विकास खंड बांसी में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डुमरियागंज सांसद जगदंबिका पाल, बांसी विधायक जय प्रताप सिंह और जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत जिलाधिकारी ने सांसद और विधायक का बुके देकर स्वागत कर की। इसके बाद जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों और प्रदर्शनी का अवलोकन कर योजनाओं की जानकारी ली।
सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष और प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूरे होने के अवसर पर जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि और निशुल्क राशन जैसी योजनाओं से करोड़ों लोगों को लाभ मिला है। उन्होंने लोगों से शिविर में पहुंचकर विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।