एसवीपीईआई जोन में उद्योग की स्थापना से लेकर उद्यमिता विकास तक के होंगे प्रबंध
उद्योगपतियों के लिए लाइसेंस पाना भी रहेगा आसान, सिंगल विंडो के होंगे इंतजाम
महराजगंज। शासन के निर्देश के क्रम में जिले में एसवीपीईआईजेड (सरदार वल्लभ भाई पटेल इंप्लाइमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन) विकसित करने की तैयारियां तेज हुई हैं। उद्योग विभाग ने सदर तहसील के चेहरी व बागापार में इस विशेष जोन के लिए 50-50 एकड़ जमीन चिह्नांकन प्रक्रिया शुरू की है। विशेष जोन में उद्योग स्थापना से लेकर कामगारों के कौशल विकास इंतजाम से लेकर विपणन तक के प्रबंध किए जाएंगे।
महराजगंज में औद्योगिक विकास के साथ रोजगार सृजन की परिकल्पना पर उद्योग विभाग ने तैयारी तेज कर दी हैं। जनपद में 50 एकड़ का परिक्षेत्र सरदार बल्लभ भाई पटेल इंप्लाइमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन के रूप में विकसित किया जाएगा। इस विशेष जोन में उद्योग स्थापना से लेकर औद्योगिक सेक्टर की जरूरत के अनुसार युवाओं के कौशल विकास के इंतजाम होंगे। उन्हें रोजगार के लिए तकनीकी तौर पर प्रशिक्षित किया जाएगा। इससे उनके लिए रोजगार की संभावनाएं बढ़ेंगी।
औद्योगिक जोन के लिए चेहरी व बागापार में 50-50 एकड़ जमीन चिह्नित की गई है। अगले सप्ताह तक जिलाधिकारी इनमें से एक को स्वीकृति देंगे। इसके बाद उक्त परिक्षेत्र को विशेष जोन में विकसित करने की कवायद को अमली जामा पहनाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
कारोबारियों को उद्योग स्थापना में अनावश्यक दौड़ भाग न करनी पड़े इसके लिए विशेष जोन में सिंगल विंडो प्रबंध भी किया जाएगा। इससे उद्योग शुरू करने के लिए आवश्यक लाइसेंस प्राप्त करने में सुविधा होगी। विशेष जोन को विकसित करने के लिए उद्योग विभाग की तरफ से चेहरी के अलावा बागापार में जमीन चिह्नित की जा रही है। इसमें से किसी एक को डीएम स्वीकृति देकर इस विशेष योजना को कारोबारियों की सहूलियत के साथ बढ़ाने का इंतजाम करेंगे।
विशेष जोन में होंगे यह इंतजाम
प्रदेश सरकार की सरदार वल्लभभाई पटेल रोजगार एवं औद्योगिक क्षेत्र योजना जनवरी 2026 में लागू की गई है। जनपद में इस योजना को सितंबर 2026 में अमलीजामा पहनाने की तैयारी है। विशेष जोन विकसित करने का उद्देश्य रोजगार, स्वरोजगार, कौशल प्रशिक्षण, उद्योग और उद्यमिता को एक प्लेटफॉर्म से जोड़ना है। इस योजना के तहत ऐसे रोजगार एवं औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जाएंगे, जहां युवाओं को प्रशिक्षण के साथ रोजगार और उद्यम शुरू करने के अवसर उपलब्ध होंगे।
विशेष जोन का उद्देश्य
- रोजगार के अवसर सृजित करना और औद्योगिक विकास को सुगम बनाना।
- प्रशिक्षण, नियुक्ति और उद्यमिता को एक ही बुनियादी ढांचे के भीतर जोड़ना।
- लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) विनिर्माण और सेवा इकाइयों की तेजी से स्थापना को सक्षम बनाना।
- प्रशिक्षित मानव संसाधन को औद्योगिक मांग के अनुरूप विकसित करना।
स्पीकअप
नए औद्योगिक जोन की स्थापना से कारोबारियों को प्रत्यक्ष लाभ होगा। सिंगल विंडो प्रणाली से उद्योग पंजीकरण, लाइसेंस, जीएसटी, ऋण जैसी जरूरत एक विशेष जोन के दायरे में होने से कारोबारियों का समय बचेगा और लाभ बढ़ेगा।
-आत्माराम गुप्ता, महराजगंज।
प्रशिक्षित मानव संसाधन मिलने से उत्पादन गुणवत्ता बेहतर होगी। वर्कशॉप, तकनीकी प्रशिक्षण, गुणवत्ता, मार्केटिंग व निर्यात प्रबंध एक विशेष दायरे के भीतर मिलने से औद्योगीकरण को बढ़ावा मिलेगा। स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय बाजार मिलने से निवेश आकर्षित होगा।
-अजय कुमार अग्रहरि, कारोबारी, महराजगंज।
वर्जन
एसवीपीईआईजेड योजना मुख्यमंत्री की दूरगामी दृष्टिकोण को चरितार्थ करेगा। चेहरी व बागापार में इस विशेष जोन के लिए जमीन चिह्नित कराई गई है। इसमें से किसी एक को अगले सप्ताह जिलाधिकारी स्वीकृति देंगे। विशेष जोन के दायरे में उत्पादन से लेकर बिक्री तक के इंतजाम विकसित किए जाएंगे होंगे। जनपद के युवाओं के लिए यह नवाचार रोजगार सृजन के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा।
- नीरज सिंह, उपायुक्त उद्योग, महराजगंज।