बागापार। युवा कल्याण विभाग की ओर से नगर पंचायत चौक में बना महंत अवेद्यनाथ बहुउद्देशीय इंडोर स्टेडियम नगर एवं आसपास इलाके के खिलाड़ियों के लिए वरदान साबित हो रहा है। खिलाड़ियों के भीतर छुपी प्रतिभा निखारने के उद्देश्य से नगर पंचायत चौक में युवा कल्याण विभाग की ओर से 9.55 करोड़ की लागत से महंत अवेद्यनाथ बहुउद्देशीय इंडोर स्टेडियम बनाया गया है।
स्टेडियम में फुटबॉल, एलथेटिक, गोला क्षेेपण, चक्का क्षेपण, महिला/पुरुष कबड्डी का दो कोर्ट, बहुउद्देशीय चार बैडमिंटन हाल, बास्केटबाल, योगा, जिम, मेडिटेशन सेंटर आदि की सुविधाएं उपलब्ध हैं। क्षेत्र के खिलाड़ी इस स्टेडियम में अभ्यास कर प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर के प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर रहे हैं। राज्य स्तरीय खिलाड़ी बब्बी भारती ने बताया कि पहले यहां खेल की सुविधाएं नहीं थीं।
प्रैक्टिस के लिए दूर जाना पड़ता था। अब नगर में ही खेल स्टेडियम है, जिससे खिलाड़ियों को निखरने का अवसर मिल रहा है। कबड्डी खिलाड़ी नीतू वर्मा ने बताया कि चौक में बने इंडोर स्टेडियम से काफी सुविधाएं मिल रही हैं। यहां नियमित अभ्यास कर प्रदेश स्तरीय खेल प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का मौका मिला।
स्टेट खिलाड़ी काजल साहनी ने बताया कि बहुउद्देशीय इंडोर स्टेडियम में खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए बेहतर माहौल है। अब प्रैक्टिस के लिए घर से दूर नहीं जाना पड़ता है।
स्टेट खिलाड़ी आराध्या प्रजापति ने कहा कि इंडोर स्टेडियम में अभ्यास कर खिलाड़ी अपना कैरियर बना सकते हैं। यहां एक नियमित प्रशिक्षक की जरूरत है, जिससे खिलाड़ियों को प्रशिक्षित किया जा सके।