महराजगंज जिले में विधानसभा चुनाव के दौरान दिल्ली काठमांडू चलने वाली भारत-नेपाल मैत्री संघ की तीन बसें दिल्ली से काठमांडू जाने के दौरान यात्रियों को लेकर सोनौली पहुंची। सीमा सील होने के कारण बसों को नेपाल में प्रवेश नहीं मिला। यात्रियों को खाने पीने की समस्या को देखते हुए सोनौली के कुछ युवा आगे आए और एक स्टाल लगा कर सोनौली में फंसे पर्यटको और यात्रियों के लिए चाय पानी की व्यवस्था की।
बृहस्पतिवार की सुबह सात बजे दिल्ली काठमांडू चलने वाली तीन बसें 150 यात्रियों को लेकर सोनौली पहुंची। सीमा सील और मतदान शुरू हो जाने के कारण उक्त तीनों बसों को एसएसबी ने रोक दिया। मतदान के कारण सोनौली की सभी दुकान बंद थी।
इस दौरान नगर के युवा संतोष, सुदेश त्रिपाठी ने स्टाल लगा कर सभी यात्रियों और बच्चों को पानी बिस्कुट और चाय की व्यवस्था की। यात्री उदय थापा, संगीता, विष्णु निवासी बुटवल, पदम्, गिरधारी, बासु निवासी काठमांडू ने बताया कि सोनौली में मतदान के कारण सभी दुकान बंद हैं। बॉर्डर खुलने की प्रतिक्षा कर रहे हैं।
एसएसबी इंस्पेक्टर आरएस अहीर ने बताया कि मतदान के दौरान सीमा सील है। किसी भी यात्री को आने जाने पर मनाही है। मतदान के बाद बसों को जाने दिया जाएगा।