नौतनवा। चेयरमैन बृजेश मणि त्रिपाठी के नेतृत्व में शनिवार को स्थानीय सभासदों एवं अन्य लोगों ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री को संबोधित पत्र एसडीएम नवीन प्रसाद को सौंपा। नेपाल में खुले जुआघरों (कसीनों) में भारतीय नागरिकों के प्रवेश पर रोक लगवाने की मांग की है।
चेयरमैन बृजेश मणि त्रिपाठी ने कहा कि नौतनवा नगर से सटे नेपाल की खुली सीमा है। नेपाल में विभिन्न स्थानों पर तमाम कसीनों खोले गए हैं, जिसमें नेपाल मूल के निवासियों के प्रवेश पर तो पूरी तरह से प्रतिबंध है, जबकि भारतीय नागरिकों को जुआ खेलने की पूरी आजादी है।
इन जुआ घरों में तमाम तरह की सुख-सुविधाओं का लालच देकर लोगों को जुआ खेलने के लिए नेपाल आने का प्रलोभन दिया जाता है। इसकी वजह से नौतनवा ही नहीं, बल्कि भारत के विभिन्न शहरों के हजारों नागरिक प्रतिदिन जुआ खेलकर अपनी संपत्ति पूरी तरह गंवा रहे हैं।
इतना ही नहीं कई लोगों ने तो अपनी बरबादी के बाद खुद को मौत के घाट तक उतार दिया है, जिनसे उनका परिवार बिखर गया और लोग आज दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं। चेयरमैन ने इस गंभीर समस्या पर एसडीएम का ध्यान आकृष्ट कराते हुए भारतीय नागरिकों को इस तबाही के दल-दल से बचाने के लिए आवश्यक प्रयास करने की मांग की।
पत्र सौंपते समय सभासद अनिल जायसवाल, संजय मौर्य, प्रमोद गौतम, राकेश जायसवाल, राहुल दुबे, संजय पाठक, अभय कुमार, अनिल मद्धेशिया, अमित यादव, धर्मात्मा जायसवाल, नागेंद्र शुक्ला, संतोष वर्मा, सुनील कुमार, किशोर मद्धेशिया मौजूद रहे।