निजी वाहनों से पोखरा और काठमांडो जाने वाले पर्यटक हुए निराश
सोनौली। नेपाल में बजट भाषण के चलते शुक्रवार को भैरहवा भंसार कार्यालय बंद रहा। इसके कारण भारतीय वाहनों का भंसार नहीं हो सका। इससे नेपाल के लुंबिनी, पोखरा और काठमांडू जाने वाले भारतीय पर्यटक सरहद पर ही रह गए। इस दौरान निजी वाहनों से पहुंचे पर्यटक परेशान दिखे और आयात-निर्यात भी प्रभावित रहा।
शुक्रवार को भैरहवा भंसार कार्यालय की ओर से गेट पर नोटिस चस्पा कर जानकारी दी गई कि बजट भाषण के कारण कार्यालय पूरी तरह बंद रहेगा। साथ ही भैरहवा से आगे जाने वाले वाहनों का पास नहीं करने की भी जानकारी दी गई। भैरहवा तक जाने वाले भारतीय पर्यटक वाहनों को सुविधा पास के आधार पर प्रवेश की अनुमति दी गई। सुबह से ही बड़ी संख्या में भारतीय पर्यटक निजी वाहनों के साथ सीमा पर पहुंचे, लेकिन भंसार प्रक्रिया बंद होने के कारण उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ा।
कई लोग भंसार कार्यालय खुलने की उम्मीद में सीमा क्षेत्र में जमे रहे। कुछ लोग अपने निजी वाहन भारतीय सीमा में बने पार्किंग स्थल में खड़ा कर अन्य वाहनों से नेपाल के लिए रवाना हुए। बताया जा रहा है कि बजट भाषण के बाद सिस्टम अपडेट होने पर भंसार कार्यालय का कामकाज पुनः सुचारू रूप से शुरू होगा। साथ ही बजट के बाद भंसार दरों में बढ़ोतरी की भी आशंका जताई जा रही है।
इस संबंध में भैरहवा भंसार चीफ हरिहर पौडेल ने बताया कि बजट भाषण के कारण आयात और निर्यात बंद है। उच्चाधिकारियों से निर्देश मिलने के बाद वाहनों को इंट्री दी जाएगी।