भाकियू ने मुख्यालय पर किया प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। दो सूत्री मांगों के समर्थन में भारतीय किसान यूनियन के लोगों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट के सामने धरना दिया। संगठन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि प्रशासन जनहित के मसले पर गंभीर नहीं है। यही कारण है कि जन समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है।
प्रदर्शन में शामिल लोगों का कहना था कि बीते वर्ष आए बाढ़ से कई किसानों की फसलें बर्बाद हुई थीं। बाढ़ प्रभावित तमाम किसानों को फसलों का मुआवजा आज तक नहीं मिला। किसान मुआवजे के लिए संबंधित तहसीलों का चक्कर लगा रहे हैं। उनकी समस्याओं की सुनवाई नहीं हो रही है। धरना के बाद समस्याओं के समाधान के लिए डीएम को ज्ञापन दिया गया। संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष रामआशीष ने कहा कि पनियरा क्षेत्र में पिछले साल आए बाढ़ के दौरान तमाम किसानों की फसलें बर्बाद हो गई थीं। जिसका मुआवजा आज तक नहीं मिला।
उनका कहना था कि मुआवजा से वंचित किसानों ने आवाज उठाई लेकिन किसी ने उनकी बात नहीं सुनी। उन्होंने प्रशासन से बाढ़ के कारण बर्बाद हुई फसलों का मुआवजा संबंधित किसानों को देने की मांग की। उनका कहना था कि पनियरा ब्लॉक क्षेत्र में डोमरा रिंग बांध क्षतिग्रस्त हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बांध के मरम्मत के नाम पर रकम की बंदरबांट की जा रही है। उन्होंने प्रशासन से आरोपों की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की। इस दौरान हमीदुल्लाह, अधारे प्रसाद, घिसियावन, कौशल्या देवी, परशुराम प्रसाद, कल्पनाथ प्रसाद, प्रमोद कुमार सहित काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।