सोनौली। स्थानीय कस्बे के एक युवक ने शनिवार को मारपीट और लूट का आरोप लगाते हुए रुपनदेही जिले के एसपी से शिकायत की। आरोप है कि युवक शुक्रवार रात एक शादी समारोह में गया था। वहां कुछ युवकों ने मारपीट की महिला से गहने व नकदी छीन लिया।
पीड़ित युवक दीपक शर्मा निवासी सोनौली ने बताया कि शुक्रवार की रात पारिवारिक विवाह समारोह में शामिल होने नेपाल गए थे। विवाह कार्यक्रम के बाद वे अपने परिवार के सदस्यों के साथ नेपाल के रोहिणी ग्रामीण क्षेत्र से भैरहवा लौट रहे थे। इसी दौरान रात लगभग दो बजे, भैरहवा स्थित बुद्ध चौक के पास सड़क किनारे खड़ी उनकी कार के पास कुछ लोग पहुंचे। आरोप है कि आरोपियों ने अज्ञात वाहन का प्रयोग कर शिकायतकर्ता की गाड़ी को रोका और फिर जबरन बाहर निकालकर गाली-गलौज व मारपीट शुरू कर दी।
रुपनदेही जिले के एसपी जनक बहादुर शाही ने बताया कि पीड़ित युवक द्वारा शिकायत मिली है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी युवकों की तलाश की जा रही है।