महराजगंज। जिले का मौसम दिन प्रतिदिन तल्ख होता जा रहा है। सितंबर महीने में हो रही तेज धूप व उमस भरी गर्मी से लोग उल्टी, दस्त, डायरिया और गैस की चपेट में आ रहे हैं। जिला अस्पताल में ऐसे रोगियों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। अस्पताल में डाॅक्टर खानपान में सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।
मानसून की सक्रियता के बाद लोगों को मौसम में नर्मी आने की संभावना थी, लेकिन तेज धूप और उमस के कारण गर्मी से निजात मिलती नहीं नजर आ रही है। उमस के कारण शरीर से पसीना अधिक निकल रहा है, जिससे लोगों को कमजोरी तथा निर्जलीकरण की समस्या हो रही है। बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 700 से अधिक मरीज पहुंचे। इसमें 100 से अधिक उल्टी, दस्त, गैस, बदहजमी और डायरिया से ग्रसित पाए गए। खाना न पचने तथा भूख न लगने की शिकायत लेकर पहुंचने वालों की संख्या अधिक मिली। बच्चों में पेट दर्द व महिलाओं को खट्टी डकार आने की परेशानी मिली।
बाल रोग विशेषज्ञ डाॅ. रंजन मिश्रा ने बताया कि उमस भरी गर्मी के कारण पेट संबंधित रोगियों की संख्या बढ़ी है। भरपूर नींद न लेने के कारण भोजन नहीं पच रहा, जिससे उल्टी, पेट दर्द, दस्त, खट्टी डकार आना, गैस व भूख न लगने की दिक्कत लोगों को हो रही है। ऐसे लोगों को खानपान में सावधानी बरतने के साथ दवाएं दी जा रही हैं। सीएमएस डाॅ. एपी भार्गव ने बताया कि ऐसे मौसम में हल्का व सुपाच्य भोजन का सेवन करें। तली भुनी व मसालेदार व फास्ट फूड का सेवन न करें।