महराजगंज। शुक्रवार को विश्व जन औषधि दिवस के अवसर पर जिला अस्पताल महराजगंज समेत जिले के ब्लॉक स्तर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर गोष्ठी का आयोजन हुआ। वहीं, सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने जिला अस्पताल में स्थित जन औषधि केंद्र का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि जन औषधि केंद्र पर सभी प्रकार की ब्रांडेड दवाओं के समान जेनेरिक दवाएं, इंजेक्शन, सिरप और अन्य आवश्यक दवाएं उपलब्ध होंगी।
सीएमओ डॉ. श्रीकांत शुक्ला ने बताया कि जिले के सभी ब्लॉक स्तर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी जन औषधि केंद्र खुलेगा। इसके लिए 120 स्क्वायर फीट की जगह चिह्नित की गई है। जहां शासन की ओर से निर्धारित मानक के अनुसार केंद्र स्थापित किया जाएगा। इन केंद्रों पर प्रारंभिक रूप से 100 प्रकार की आवश्यक दवाएं उपलब्ध रहेंगी।
जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एके द्विवेदी ने बताया कि अस्पताल में हर दिन करीब 1000 मरीजों की ओपीडी होती है। सरकारी अस्पताल में मरीजों को मुफ्त दवाइयां दी जाती हैं, लेकिन कई बार दवाइयों की कमी होने से मरीजों को बाहरी दुकानों से महंगी दवाएं खरीदनी पड़ती थीं। इस दौरान एसीएमओ डॉ. प्रदीप कुमार, एसीएमओ डॉ. राजेंद्र प्रसाद, डॉ. एवी त्रिपाठी मौजूद रहे। संवाद