बृजमनगंज थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह को बनाया गया नया थानाध्यक्ष
परतावल। चिलम चौक पर वाहन चेकिंग के दौरान हुए विवाद और पुलिस पर लगे आरोपों के मामले में पुलिस अधीक्षक ने प्रभारी निरीक्षक श्यामदेउरवां अखिलेश सिंह को लाइन हाजिर कर दिया। वहीं बृजमनगंज थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह को श्यामदेउरवां थाने का नया प्रभारी बनाया गया है।
बताया जा रहा है कि बुधवार की शाम चिलम चौक पर वाहन जांच के दौरान स्थानीय निवासी रामा चौधरी और पुलिसकर्मियों के बीच विवाद हो गया था। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि मारपीट और धक्का-मुक्की की नौबत आ गई। घटना में युवक और उसके परिजनों के घायल होने का आरोप लगा था। इसके बाद क्षेत्र में भारी तनाव का माहौल बन गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए शुक्रवार देर शाम एएसपी सिद्धार्थ ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की। उन्होंने स्थानीय लोगों, प्रत्यक्षदर्शियों और आसपास के दुकानदारों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। जांच के बाद पुलिस अधीक्षक ने इसे घोर लापरवाही मानते हुए प्रभारी निरीक्षक अखिलेश सिंह के खिलाफ कार्रवाई की।