20 जनवरी को पिकअप में लादकर ले जा रहा था आठ गोवंशीय पशु
ठूठीबारी। गो वंश तस्करी में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी को बरगदवां पुलिस ने शनिवार को नेपाल बॉर्डर से सटे चकरार गांव से गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। अभियुक्त कलामुद्दीन उर्फ कलुआ की पुलिस पांच महीनों से तलाश कर रही थी।
बरगदवां थानाध्यक्ष धनंजय कुमार राय ने बताया कि सेमरहना गांव के पास बीते 20 जनवरी 2026 को तस्करी के लिए पिअकप में लादकर आठ गोवंशीय पशु लेकर भागते समय तस्करों के वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया था। इस दौरान चार पशुओं की मौके पर ही मौत हो गई थी और तस्कर वाहन छोड़कर फरार हो गए थे। मामले में बरगदवां पुलिस कुशीनगर जनपद के हनुमानगंज थाना के गांव दरगौली निवासी कलामुद्दीन उर्फ कलुआ (48) के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश कर रही थी।
मुखबिर की सूचना पर बरगदवां प्रभारी निरीक्षक धनंजय कुमार राय के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने अभियुक्त को गिरफ्तार किया और विधिक कार्यवाही के लिए न्यायालय भेजा, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। कलामुद्दीन उर्फ कलुआ एक शातिर अपराधी है। उसके विरुद्ध जनपद कुशीनगर और महराजगंज के विभिन्न थानों में हत्या, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और गोवध निवारण अधिनियम जैसे गंभीर अपराधों के कुल 6 मुकदमे पंजीकृत हैं।