फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharajganj News: नेपाल में चक्रवाती तूफान का असर, भारी बारिश और हिमपात की चेतावनी

विज्ञापन
विज्ञापन
सोनौली। बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान अर्नब का असर नेपाल में दिखने लगा है। शुक्रवार को लुम्बिनी और गंडकी प्रदेश समेत कई हिस्सों में बारिश हुई। मौसम विभाग ने शनिवार तक भारी बारिश, तेज हवाएं और हिमपात होने की चेतावनी जारी की है। इसका असर भारत-नेपाल सीमा के बेलहिया-भैरहवा, बुटवल और पोखरा क्षेत्र में भी पड़ने की आशंका है।
विज्ञापन

नेपाल के जल तथा मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, लुम्बिनी, गंडकी, कोशी, मधेश और बागमती प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक के बीच मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। लुम्बिनी के तराई क्षेत्र में कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं, गंडकी प्रदेश के पहाड़ी और हिमालयी इलाकों में भारी बारिश के साथ हिमपात की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए सोनौली-बेलहिया सीमा से भैरहवा, बुटवल और पोखरा जाने वाले भारतीय पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। लगातार बारिश से पहाड़ी सड़कों के संवेदनशील हिस्सों में भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है, जिससे यातायात प्रभावित होने की आशंका है।
विज्ञापन


पर्यटकों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह
नेपाल के राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण ने यात्रियों और पर्यटकों से अनावश्यक यात्रा टालने तथा मौसम की ताजा जानकारी लेने के बाद ही सफर करने की अपील की है। ऊंचाई वाले पर्यटन स्थलों की यात्रा फिलहाल टालने और नदी किनारे व बाढ़ संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है। पर्वतीय क्षेत्रों में मौजूद पर्यटकों को मौसम सामान्य होने तक सुरक्षित स्थानों पर ठहरने को कहा गया है।

नेपाल के मौसम विज्ञानी डेविड ढकाल के अनुसार, भारत से नेपाल पहुंचने तक चक्रवाती तूफान कमजोर होकर निम्न दबाव के क्षेत्र में बदल गया है। इसके प्रभाव से हो रही बारिश और हिमपात में शनिवार दोपहर बाद से धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है।

आपात सहायता के लिए हेल्पलाइन जारी
नेपाल प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। मौसम संबंधी जानकारी के लिए 1155, आपदा सहायता के लिए 1234, नेपाल पुलिस के लिए 100 और पर्यटक पुलिस के लिए 1144 पर संपर्क किया जा सकता है। यात्रियों से आधिकारिक मौसम पूर्वानुमान की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की अपील की गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें