‘वेतन संबंधी विसंगतियों को तत्काल कराया जाए दूर’
- सदर ब्लॉक सभागार में उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ की बैठक में बोले अध्यक्ष प्रद्युम्न सिंह
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। वेतन संबंधी विसंगतियों को दूर कराने के संदर्भ में मंगलवार को सदर ब्लॉक सभागार में उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ की बैठक हुई।
इसमें जिलाध्यक्ष प्रद्युम्न सिंह ने कहा कि सफाई कर्मियों के वेतन संबंधी विसंगतियों को तत्काल दूर कराया जाए। इसमें शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने कहा कि महराजगंज जिले में सफाई कर्मियों की नियुक्ति 20 जनवरी 2009 को हुई थी, जबकि संतकबीरनगर जिले में 17 जून 2009 को, बाद में नियुक्त होने के बाद भी संतकबीरनगर के सफाईकर्मी अधिक वेतन पा रहे हैं, जबकि जिले के सफाई कर्मियों को कम वेतन से ही काम चलाना पड़ रहा है। सफाई कर्मियों ने कहा कि उनके हितों को ध्यान में रखते हुए वेतन की विसंगति को दूर किया जाए तथा अन्य जिलों की तरह ही मानकों के तहत बढ़े वेतन का भुगतान कराया जाए। इसके बाद सफाई कर्मियों ने मुख्य विकास अधिकारी से मुलाकात की तथा समस्या के समाधान के संबंध में पत्रक सौंपा। उन्होंने समस्या को दूर कराने को लेकर आश्वस्त किया। इस दौरान जिला मंत्री रामजीत, सत्येंद्र दूबे, सुनील कुमार, विजय प्रकाश साहनी, काशी चौधरी, रणजीत यादव, कमल किशोर यादव, बृजेश जायसवाल, सुभाषचंद, बृजेश कन्नौजिया, जयचंद्र, गिरधर, रमेश गुप्ता, संतोष कुमार, सोमनाथ और रामकेवल आदि मौजूद थे।