निचलौल। क्षेत्र में इन दिनों शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक अवैध शराब का धंधा फैल चुका है। ऐसे में शहर से लेकर ग्रामीणों इलाकों के गली मोहल्ले और चौराहे पर नेपाली शराब के साथ सरकारी दुकानों की शराब खुलेआम बेची जा रही है। जिम्मेदार शराब माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
इन दिनों निचलौल सर्किल में शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों में बड़े पैमाने पर अवैध शराब का धंधा अपनी जड़ें जमा चुका है। पुलिस जहां शराब माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई कर रही है वहीं विभाग जिम्मेदारों की ओर से शराब के इस अवैध धंधे को बढ़ावा दिया जा रहा है। क्षेत्र में नेपाली शराब के साथ ही सरकारी दुकानों पर बिकने वाली शराब को अवैध तरीके से गली मोहल्ले में बेचा जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, शराब के अवैध धंधे से जुड़े धंधेबाजों पर विभाग के जिम्मेदार उस समय कार्रवाई करते हैं, जब धंधेबाज कमाई की रकम में हिस्सेदारी देने में थोड़ा विलंब कर देते हैं। बीते दिनों आबकारी विभाग के हाथ लगे अवैध शराब के धंधेबाज ने जिम्मेदारों की करतूत को उजागर करते हुए कहा कि उसने पिछले महीने की कमाई का हिस्सा देने में थोड़ा विलंब कर दिया था। इस पर उसे महीना शुरू होते ही 15 शीशी देशी शराब के साथ पकड़ लिया।
इस संबंध में जिला आबकारी अधिकारी अतुल चंद द्विवेदी ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। अवैध धंधेबाजों के खिलाफ लगातार कारवाई की जा रही है। अगर इसमें विभाग के किसी की संलिप्तता मिलेगी तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।