पुलिस ने लकड़ी से लदा ट्रक पकड़ा, चालक से पूछताछ जारी
सिंदुरिया। पकडी वन रेंज के बागापार क्षेत्र में कोतवाली थाना क्षेत्र के बागापार चौराहा स्थित सड़कहिया पुल के पास पुलिस ने शनिवार को शीशम की अवैध लकड़ी लेकर जा रहे एक ट्रक को पकड़ लिया। पुलिस चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार, ट्रक सिद्धार्थनगर से शीशम की लकड़ी लादकर कुशीनगर जा रहा था। शनिवार को एसआई नितेश कुमार ने वाहन को रोककर उसकी जांच की। जांच के दौरान पुलिस ने चालक से लकड़ी से संबंधित वैध कागजात मांगे तो वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
कागजात न मिलने पर पुलिस को संदेह हुआ। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चौकी पर खड़ा करा दिया। पूछताछ के दौरान चालक ने अपना नाम नीरज निवासी कोहरगड्डी थाना खड्डा, जिला कुशीनगर बताया। वहीं ट्रक में लदी लकड़ी गोविंद चौहान निवासी नेबुआ रायगढ़ जिला कुशीनगर की बताई गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि लकड़ी कहां से लाई गई और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।
घटना की सूचना मिलते ही पकड़ी रेंज के वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। वन दरोगा गौरव त्रिपाठी के नेतृत्व में टीम ने ट्रक में लदी लकड़ी की जांच करके उसे अवैध बताया। इस दौरान मौके पर बागापार चौकी प्रभारी जटाशंकर सिंह, वन दरोगा हरिराम यादव व अन्य मौजूद रहे। मामले में रेंजर सुशांत त्रिपाठी ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जा रही है।