मौसम का मिजाज देख ग्रामीणों को सताने लगा बाढ़ का भय
ठूठीबारी। निचलौल-ठूठीबारी एनएच-730 एसमार्ग निचलौल से लेकर ठूठीबारी तक 13 किमी सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। इसी रूट पर जगह-जगह कई पुल का निर्माण कार्य भी जारी है। स्थानीय लोगों को उम्मीद थी कि इस बरसात में उन्हें बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। यदि गड़ौरा मलाव नाला पर बरसात से पहले पुल का निर्माण नहीं हुआ तो लोगों को इस बार भी दुश्वारियां झेलनी पड़ सकती हैं। इसके साथ ही बरगदवां, सिरौली, ओडवलियां, हनुमान में भी पुल का निर्माण कार्य चल रहा है।
महराजगंज से निचलौल होते हुए ठूठीबारी-एनएच-730 एस की सड़क का चौड़ीकरण कार्य दिसंबर 2023 से शुरू हुआ था। इस मार्ग पर दर्जनों पुल का निर्माण कार्य जारी है। पुल निर्माण की सुस्त गति देखकर ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। उन्हें दो माह के बाद आने वाले बरसात के दिन में बाढ़ की चिंता सता रही है। बाढ़ के दौरान इस क्षेत्र में आवागमन के लिए लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। इसको लेकर क्षेत्र के लोग चिंतित हैं।
निचलौल मंडी के समीप, बरगदवां, सिरौली, ओडवलियां, हनुमानगंज, जमुई कला, केडीएम चौक, गडौरा बाजार, लोहरौली, नौनियां, भरवलियां, ठूठीबारी में पुल का निर्माण कार्य सुस्त गति से चल रहा है। जगदीश जायसवाल, सुरेंद्र रावत, अनिल रौनियार, जयहिंद, अजीत गुप्ता, वीरेंद्र गुप्ता, बनारसी, लल्लन गुप्ता, बृजेश्वर यादव, सत्यवान यादव, नरेश पासवान, संजय आदि लोगों ने बताया कि एनएस 730 एस महराजगंज से निचलौल होते मुख्य मार्ग 34.450 किलोमीटर गडौरा मलाव नाला पर 18 मीटर चौड़ा 40 मीटर लंबा पुल बनना है।
पाए के लिए गड्ढा खोदकर छोड़ दिया गया है। बताया जाता है की एक सप्ताह से पुल का पाया बनाने के लिए विभाग की ओर से प्रयास किया जा रहा है लेकिन सतह से पानी खत्म नहीं हो पा रहा है। इससे निर्माण काम बंद पड़ा है। ग्रामीणों ने बताया कि अगर दो माह में पुल नहीं बना तो बरसात में मलाव नदी का पानी निकासी में अवरोध उत्पन्न होगा। इससे कडजा, खरहरियां, गडौरा, निपनियां, गडौरी, करदह, गडौरी आदि दर्जनों गांवों में बाढ़ आने का खतरा बना है। साथ ही मुख्य मार्ग से आवागमन प्रभावित होने का भय बना हुआ है, जिसको लेकर क्षेत्र के लोग चिंतित हैं।
बरसात में कीचड़, धूप में धूल से परेशान है राहगीर
ठूठीबारी। एनएच 730 एसमार्ग महराजगंज से निचलौल होते ठूठीबारी भारत नेपाल सीमा तक फोरलेन निर्माण कार्य चल रहा है। जगह-जगह सड़क अधूरा पड़ा हुआ है बरसात होने पर सडक कीचड़ से पट जा रहा है। राहगीर गिरकर चोटिल हो रहे हैं। वहीं धूप होने पर सड़क पर धूल उड़ने से राहगीर एवं सड़क के किनारे ग्रामीण काफी परेशान हैं। सुरेश गुप्ता, आनंद कुमार, सर्वेश रौनियार, आसीफ अली, सैफ अली, रामसुमेर, संजय कसौधन, सतीश निगम आदि राहगीरों ने बताया की जगह-जगह सड़क अधूरा होने की वजह से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विभाग को जहां पुल निर्माण हो रहा है वहां पक्की सड़क निर्माण छोड़ बाकी जगह-जगह अधूरे पड़े पीच रोड को बनाकर कंपलीट कर देना चाहिए था। इससे आवागमन में राहगीरों को दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ता। एई शाम्भवी तिवारी ने बताया कि निर्माण काम चल रहा है। समय से पूरा कर लिया जाएगा।
स्पीकअप
महराजगंज से ठूठीबारी बन रहे एनएस 730 एस मुख्य सड़क पर गडौरा मलाव नाला पर पुल बन रहा है। बरसात से पहले पुल नहीं बना तो मलाव नदी का पानी आवागमन को प्रभावित करेगा। इससे निर्माण कार्य भी प्रभावित होगा।
-जयप्रकाश, गडौरा बाजार
..................
जगह-जगह सड़क अधूरी पड़ी है। धूप होने पर धूल से और बारिश होने पर कीचड़ से सड़क पर चलना मुश्किल हो जाता है। पुल नहीं बनने पर बारिश के दौरान काफी दिक्कत होगी।
- रामराज साहनी निवासी बेलवा
वर्जन