परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के हरपुर तिवारी चौराहे पर सोमवार को उस समय हाईवोल्टेज ड्रामा शुरू हो गया जब एक विवाहिता ने पति को दूसरी महिला के कमरे में आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया। पति को दूसरी महिला के साथ देखकर पत्नी ने हंगामा करने लगी। पत्नी की सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली विवाहिता अपने पति के साथ हरपुर तिवारी चौराहे पर रहती है। उसके बगल में ही भिटौली थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला दूसरा दंपती भी रहता है। अगल-बगल रहने के कारण दोनों परिवारों के बीच जान-पहचान बढ़ गई। इसी दौरान विवाहिता के पति की पड़ोस में रहने वाली महिला से बातचीत होने लगी।
सोमवार को पति अपने घर से निकला और पड़ोसन के कमरे की तरफ चला गया। पत्नी को शक हुआ तो वह पति के पीछे-पीछे पड़ोसन के कमरे तक पहुंच गई।
वहां पति को आपत्तिजनक स्थिति में देखकर वह जमकर हंगामा करने लगी। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। मामला बढ़ता देख पत्नी ने डायल 112 पुलिस को सूचना दी।पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई और मामले की जानकारी ली। वहीं इस बाबत एसओ सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि पति-पत्नी का आपसी विवाद था। दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया है।