-बाइक से जा रहे थे ससुराल, हाटा चौराहे पर अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
संवाद न्यूज एजेंसी
सिसवा बाजार। कोठीभार थाना क्षेत्र के रमपुरवा गांव निवासी एक युवक रविवार को पत्नी और बच्चे के साथ बाइक से कुशीनगर अपनी ससुराल जा रहे थे। तभी हाटा चौराहे पर अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। हादसे में पत्नी और पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।
कोठीभार थाना के ग्रामसभा रामपुरवां निवासी अंकुर सिंह की शादी कुशीनगर में हुई थी। रविवार को वह अपनी पत्नी पूनम और बेटे अंशु के साथ बाइक से ससुराल जा रहे थे। हाटा चौराहे पर अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। घटनास्थल पर ही अंकुर सिंह की मौत हो गई, जबकि पत्नी पूनम (38) पुत्र अंश (10) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना की जानकारी आसपास के लोगों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायलों का इलाज गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।