नगर में जांच करने पहुंची मानवाधिकार की टीम
- फोटो : MAHARAJGANJ
मानवाधिकार आयोग की टीम ने पीड़ितों का दर्ज किया बयान
महराजगंज। राष्ट्रीय राजमार्ग 730 के निर्माण के तहत सक्सेना चौक पर प्रशासन द्वारा कराए गए भवन ध्वस्तीकरण की शिकायत की जांच करने पहुंची राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की टीम ने मंगलवार को पीड़ित परिवार व अन्य लोगों का बयान दर्ज किया।
नगर के सक्सेना चौक निवासी व पत्रकार मनोज टिबड़ेवाल ने मानवाधिकार आयोग में शिकायती पत्र भेजकर कहा था कि उनके दो मंजिला भवन को जिला प्रशासन ने बिना किसी प्राथमिक सूचना के ध्वस्त करा दिया गया। उनके परिवार के सदस्य गुहार लगाते रहे मगर कार्यदायी संस्था व प्रशासनिक जिम्मेदारों ने उनकी एक नहीं सुनी। उन्होंने भवन ध्वस्तीकरण कराने वाले जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की थी, जिस पर मानवाधिकार आयोग ने जांच के लिए दो सदस्यीय टीम गठित करते हुए जिले में भेजा। जिले में पहुंची मानवाधिकार आयोग की दो सदस्यीय टीम ने मंगलवार को पत्रकार मनोज टिबड़ेवाल, उनके पिता सुशील टिबड़ेवाल, भाई मोहित टिबड़ेवाल, मोहित की मां एवं पत्नी का बयान दर्ज किया। इसके अतिरिक्त आसपास के डेढ़ दर्जन लोगों से भी मामले के बारे में जानकारी प्राप्त करते हुए बयान दर्ज किया। पीड़ितों व आमजन का बयान दर्ज करने के बाद ध्वस्तीकरण के दौरान मौजूद रहने वाले अधिकारी व पुलिस के जिम्मेदारों का भी बयान दर्ज किया जाना है। माना जा रहा है कि टीम द्वारा बुधवार को अधिकारियों से भी बयान लिया जाएगा।