पुलिस ने ट्रक किया जब्त, मामले की जांच में जुटी
सोनौली। सीमा से सटे जिला पुलिस कार्यालय, नवलपुर के अंतर्गत पुलिस टीम ने करीब 58 लाख रुपये मूल्य के अवैध सामान से भरे एक ट्रक को जब्त किया है। नेपाल के देवचुली नगरपालिका-16, राजहर क्षेत्र में यह कार्रवाई की गई है। मामले में ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
सोमवार सुबह आयोजित प्रेस वार्ता में इंस्पेक्टर बीरेंद्र गुरुंग ने जानकारी दी कि सुबह लगभग 9:30 बजे नियमित वाहन जांच के दौरान बुटवल से नारायणगढ़ की ओर जा रहे एक नेपाली ट्रक नंबर को रोका गया। जांच के दौरान ट्रक में बिना बिल के बड़ी मात्रा में विभिन्न सामान पाए गए। ट्रक को सूर्य बिनायक (30) नगरपालिका-8, भक्तपुर निवासी सजेंद्र मचमसी चला रहा था। पुलिस ने चालक सहित ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।
बताया कि बरामद सामान में 700 एयरपॉड्स प्रो ब्रांड ईयरबड्स, विभिन्न कंपनियों के 1,680 मोबाइल एक्सेसरी पैकेट, ‘सीरीज़ 9’ और ‘अल्ट्रा 91’ ब्रांड की 205 स्मार्टवॉच, टू-वे रेडियो हैंडसेट के 68 सेट, नाइकी ब्रांड के 65 जोड़ी जूते, 374 जोड़ी चप्पलें तथा 7,000 वाटरप्रूफ मोबाइल पाउच शामिल हैं। जब्त सामान की अनुमानित कीमत 18 लाख 15 हजार 300 रुपये तथा ट्रक की कीमत करीब 40 लाख नेपाली रुपये आंकी गई है। कुल बरामद सामग्री की कीमत लगभग 58 लाख 15 हजार 300 रुपये बताई गई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।