लेखपाल परीक्षा रविवार को सकुशल संपन्न हो गई। सुरक्षा की दृष्टि से सभी सेंटरों पर भारी संख्या में पुलिस तैनात थी।
रविवार को सुबह से ही परीक्षार्थी शहर की सड़कों पर अपने सेंटर का पता लगाने के लिए भटकते रहे।
दुुकानों और राहगीरों से अपने सेंटर का पता पूछकर गंतव्य तक पहुंचे। सदर में परीक्षार्थियों की संख्या सर्वाधिक थी। इसलिए पुलिस सतर्क थी। रोड पर अधिकारियों की गाड़ियां दौड़ती रहीं। सुबह 11 बजे से परीक्षा की शुरुआत हो गई जो एक बजे समाप्त हुई। परीक्षा सिर्फ एक पाली में ही थी।
प्रशासन ने भर्ती परीक्षा की गंभीरता को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस मौजूद रही। जिले में परीक्षार्थियों की अधिकता को देखते हुए 44 जगहों पर परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।
जिले में परीक्षा देने के लिए 20730 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। सबसे ज्यादा परीक्षा केंद्र सदर में बनाए गए थे। परीक्षार्थियों और जनता को जाम का सामना न करना पड़े, इसके लिए प्रशासन स्तर से पर्याप्त वाहन की व्यवस्था भी की गई। रोडवेज की बसें भी तत्पर रहीं।
इसके बावजूद बस स्टेशन और दुकानों पर परीक्षार्थियों का जमावड़ा लगा रहा। नौतनवां प्रतिनिधि के अनुसार नगर के छह परीक्षा केंद्रों पर मिलाकर कुल 2450 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें 1372 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज नौतनवां में 400 परीक्षार्थियों में 155 उपस्थित और 245 अनुपस्थित, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में 300 परीक्षार्थियों में 108 उपस्थित और 192 अनुपस्थित, क्राइस्ट द किंग हाईस्कूल छपवां में 400 परीक्षार्थियों में 196 उपस्थित और 204 अनुपस्थित, नौतनवां इंटर कॉलेज नौतनवां में 400 परीक्षार्थियों में 165 उपस्थित और 235 अनुपस्थित, मधुबन इंटर कॉलेज में 550 परीक्षार्थियों में 278 उपस्थित और 272 अनुपस्थित तथा राममनोहर लोहिया पीजी कॉलेज नौतनवां में 400 परीक्षार्थियों में 176 उपस्थित और 224 अनुपस्थित रहे। एसडीएम विक्रम सिंह ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट और तीन केंद्रों पर दो सेक्टर मजिस्ट्रेट मौजूद रहे। किसी तरह की कोई अव्यवस्था नहीं दिखी। परीक्षा सुचारु रूप से सम्पन्न हो गई। घुघली प्रतिनिधि के अनुसार लेखपाल परीक्षा में उप नगर घुघली के दो कॉलेज में संपन्न हुई। एंग्लो संस्कृत इंटर कॉलेज में 500 में 244 ने परीक्षा दी 256 अनुपस्थित रहे। इसी क्रम में डीएवी इंटर कॉलेज पर 499 पंजीकृत परीक्षार्थियों में 263 उपस्थित तथा 236 अनुपस्थित रहे।
बिना टिकट लिए ही बस की छत पर बैठ गए
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज/परतावल। बिना टिकट लिए बस में बैठने को लेकर लेखपाल भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों और परिचालक से कहासुनी हो गई। मामला बिगड़ते देखकर चालक और परिचालक श्यामदेउरवां थाने लेकर गाड़ी पहुंचे। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।
रविवार को लेखपाल भर्ती परीक्षा समाप्त होने के बाद रोडवेज बस स्टेशन पर अभ्यर्थियों की भीड़ जुट गई। राप्ती नगर डिपो का चालक अभ्यर्थियों को लेकर गोरखपुर के लिए चला। परतावल के पास पहुंचा तो उसमें और अभ्यर्थी चढ़ गए। इससे बस खचाखच भर गई। जगह न मिलने पर कुछ अभ्यर्थी बस की छत पर चढ़ गए। परिचालक ने मना किया तो वे उनसे उलझ गए। इतना ही नहीं कई अभ्यर्थी टिकट भी नहीं कटवाए। इसको लेकर परिचालक से कहासुनी हो गई। चालक किसी तरह बस लेकर श्यामदेउरवां थाना गेट पर पहुंचा और वहीं रोक दिया। परिचालक की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बस की छत पर चढ़े अभ्यर्थियों को उतरवाया। टिकट काटने के बाद ही बस आगे बढ़ी। इस बीच बस से उतरे अभ्यर्थियों को पुलिस ने ट्रक से भेजा। अभ्यर्थियों की संख्या को देखते हुए परिवहन विभाग भी कमर कस लिया था।