सिसवां में प्लाई के गोदाम में लगी आग।
सिसवा बाजार। चोखराज तुलस्यान सरस्वती मंदिर इंटर कॉलेज के पास स्थित गोदाम में शुक्रवार की शाम अचानक आग लग गई। इससे प्लाई, फोम के गद्दे, प्लास्टिक पाइप, पेंट, जल कर राख हो गए। सूचना के बाद फायर ब्रिगेड की गाड़िया दो घंटे देर से पहुंची, तब जाकर पांच घंटे के अथक प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
शुक्रवार शाम लगभग पांच बजे के करीब दिनेश कुमार, हर्षित भालोटिया के गोदाम में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि गोदाम में रखे लाखों के फर्नीचर और पेंट से संबंधित सामान जल कर राख हो गए। लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहे। गोदाम के मालिकों का कहना है बार-बार फायर ब्रिगेड के लिए जिले के अधिकारियों के वाट्सएप ग्रुप पर मैसेज और फोन किया जा रहा था, कोई भी फोन नहीं उठा रहा था। उसके बाद जिलाधिकारी को फोन किया उन्होंने तत्काल फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भेजने की बात कही, तब जाकर दो घंटे बाद लगभग सात बजे के करीब फायर ब्रिगेड की गाड़ियां घटना स्थल पहुंच कर आग बुझाने लगी। पांच घंटे के प्रयास से आग पर काबू पाया गया। इस दौरान स्थानीय पुलिस, एसडीएम सत्य प्रकाश, सीओ अनिरुद्ध कुमार भी घटना स्थल पर पहुंचे।