फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharajganj News: सुबह से दोपहर तल्ख धूप, शाम को बारिश फिर भी राहत नहीं

Tue, 28 May 2024 03:39 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, महाराजगंज
विज्ञापन
विज्ञापन
महराजगंज। सोमवार सुबह से ही मौसम का मिजाज गर्म रहा। सुबह तापमान 38 डिग्री रहा तो दोपहर तक पारा 42 डिग्री पहुंचा गया। शाम को आंधी चलने के साथ कहीं-कहीं बारिश से तापमान 39 डिग्री पर आ गया। न्यूनतम तापमान 29 डिग्री दर्ज किया गया। बारिश होने के बाद भी गर्म हवा चलने से उमस भरी गर्मी सताती रही। दिन भर गर्मी से लोग परेशान रहे।
विज्ञापन

मौसम में बदलाव का क्रम लगातार जारी है। रविवार रात नौ बजे उमस इतनी अधिक बढ़ गई कि लोगों को घर से बाहर निकलकर टहलने से भी राहत नहीं मिली। पूरी रात उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल रहे। पंखे, कूलर की हवा भी नींद मयस्सर नहीं करा सकी। सुबह धूप के कारण लोग परेशान रहे। दिन में 11 बजे सड़कों पर लोग आते जाते जरूर दिखे, लेकिन गमछा लेने के बाद भी छांव खोजते रहे। दोपहर 12 बजे तो मौसम ऐसा हो गया जैसे शरीर की चमड़ी गर्मी के कारण छिल जाएगी। सड़क पर आने जाने वाले लोग गन्ना, बेल शर्बत की दुकानों से बर्फ के टुकड़े लेकर चेहरे पर लगाते देखे गए। ठंडा गन्ने का रस, लस्सी और छाछ के सेवन से भी उनकी प्यास बुझती नहीं दिखी।
दोपहर 2 बजे के बाद मौसम ने पलटी ली तो तेज हवाएं चलने लगीं। चारों तरफ धूल भरी आंधी चलने लगी। इसके कारण सड़क पर वाहन से अथवा पैदल चलने वालों को असुविधा हुई। हालांकि वातावरण की गर्मी के चलते हवाएं भी लोगों को गर्म ही लगी। शाम को कुछ क्षेत्रों में बूंदाबांदी तो बार्डर क्षेत्र के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई। इससे तापमान 42 से लुढ़कर 39 पर पहुंच गया। हालांकि देर शाम एक बार फिर उमस भरा मौसम शुरू होने से लोगों को परेशान होना पड़ा। जवाहर लाल नेहरू पीजी कालेज में भूगोल विभागाध्यक्ष ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में आए तूफान से मौसम कुछ बदला, लेकिन मंगलवार से गर्मी पहले की तरह ही रहेगी।
विज्ञापन


हल्की बारिश में सड़कों पर जलभराव

सिसवा बाजार। सोमवार को अचानक हुई बरसात से जहां गर्मी से थोड़ी राहत मिली वहीं पानी निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से सड़क पर जलभराव हो गया। सिसवा कस्बे में बारिश के कारण अमरपुरवां तिराहा, बैंक रोड, रामजानकी मंदिर, इस्टेट चौक, सब्जी मंडी में आदि सड़कों पर पानी होने से लोगों को आने जाने में परेशानी हुई। कस्बे के निवासी अमरेंद्र मल्ल का कहना है कि पिछले कई वर्षो से बरसात के समय नगर सड़कों पानी भर जाता है, लेकिन आज तक कोई भी जिम्मेदार इस समस्या को दूर करने का प्रयास नहीं किया है। दिनेश कुमार का कहना है कि अभी तो हल्की बारिश में ये हाल है, बरसात का महीना शुरू होगा तो क्या हालत होगी। चेतन शाही का कहना है कि गोपाल नगर डाकघर सड़क और इस्टेट चौक आधे घंटे के बरसात में पूरी तरह पानी से भर गया है जिससे लोगों के आने जाने में असुविधा हो रही है। अधिशासी अधिकारी शैलेंद्र कुमार ने बताया कि नाला निर्माण का पत्र जल निगम के अधिशासी अभियंता को भेजा गया है। नगर के सभी नालों की सफाई चल रही है। 15 जून तक पानी निकासी की समस्या दूर हो जाएगी। संवाद



क्षेत्र में करीब 15 मिनट हुई बारिश

अड्डा बाजार। क्षेत्र में सोमवार को दोपहर बाद 2:30 बजे बरसात आरंभ हुई। इससे लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिली। हालांकि 15 मिनट ही बारिश हुई। किसान व्यास मुनि मिश्र, इल्मुलहोदा, बुधिराम प्रसाद चौहान ने बताया कि बेहन डालने में आसानी होगी। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें