ऑनलाइन सिस्टम लागू होने के बाद भी ऑफलाइन पोषाहार वितरण पर कार्रवाई
महराजगंज। जनपद में कार्यरत 241 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय रोक दिया गया है। इसके साथ ही अब तक दिए मानदेय की रिकवरी कराने का भी आदेश जारी किया गया है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा बिना एफआरएस (फेस रिकग्निशन सिस्टम) यानी ऑनलाइन सत्यापन के पोषाहार वितरण पर यह कार्रवाई की गई है। बृहस्पतिवार को डीपीओ द्वारा मानदेय रोके जाने और रिकवरी का आदेश जारी किए जाने के बाद आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में हड़कंप मचा हुआ है।
विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक शासन के निर्देश पर मई-2025 से एफआरएस के तहत पोषाहार वितरण में लाभार्थियों के ऑनलाइन सत्यापन की व्यवस्था लागू कर दी गई थी। इसके साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए थे कि विभाग के पोर्टल पर सभी कार्यकर्ता सिस्टम से जुड़ी फीडिंग पूरी कर लें और ऑफलाइन पोषाहार वितरण बंद कर दें। अफसरों का कहना है कि पोषाहार वितरण में धांधली और मनमानी पर अंकुश के लिए यह व्यवस्था बनाई गई है। हालांकि, ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने के बाद आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने इसे लेकर विरोध भी जताया था और मोबाइल नेटवर्क की उपलब्धता समेत अन्य तकनीकी समस्याओं का मुद्दा उठाया था।
जनवरी-2026 में राज्य स्तर पर की गई समीक्षा में पाया गया कि बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ऐसे हैं जो एफआरएस की अनिवार्यता के बाद भी पोषाहार का वितरण ऑफलाइन ही कर रहे हैं। शासन स्तर से इसे लेकर बढ़ी सख्ती के बाद इसे नियमों का उल्लंघन मानते हुए बृहस्पतिवार को जिले के 241 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय रोकने के साथ ही रिकवरी के भी निर्देश जारी कर दिए गए।
00
वर्जन
बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के निर्देश पर शून्य एफआरएस फीडिंग वाली 241 कार्यकर्ताओं के मानदेय की रिकवरी के साथ फरवरी का मानदेय बाधित करने का निर्देश दिया गया है।
- दुर्गेश कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी
कार्यकर्ताओं के लिए यह तुगलकी फरमान है। तीन महीने से हम एसआईआर में शासन का ही कार्य कर रहे हैं। एफआरएस के लिए हमें संसाधन नहीं मुहैया कराए गए। हम अपने संसाधनों के जरिये फीडिंग कर रहे थे लेकिन हमें इससे हटाकर एसआईआर में लगा दिया गया। आखिर एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से कितने काम लिए जाएंगे। यह आदेश वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी।
- कुसुमकांति त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका संघ
लक्ष्मीपुर ब्लॉक में सर्वाधिक 45 पर कार्रवाई
पोषाहार के वितरण में एफआरएस का पालन नहीं करने पर लक्ष्मीपुर में 45, निचलौल में 39, घुघली में 36, नौतनवां में 31, फरेंदा में 24, सिसवां में 17, पनियरा में 16, सदर में 18, मिठौरा में 13, परतावल में एक और धानी में एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का वेतन रोका गया है। इन्हीं कार्यकर्ताओं से रिकवरी का भी आदेश जारी किया गया है।