नौतनवा में गैस के लिए लाइन लगाकर खड़े लोगों को लाइन से हटाकर वापस घर भेजती पुलिस।
गैस के लिए पूरी रात सड़क के किनारे मच्छरदानी में बैठे रहे लोग
अधिकारियों के सख्त होते ही घर-घर पहुंचने लगा सिलिंडर, लोगों ने ली राहत की सांस
नौतनवा। गैस सिलिंडर की किल्लत से परेशान होकर एजेंसी पर कतार में खड़े लोगों को बुधवार को प्रशासन घर भेज दिया। जो लोग लाइन से हटने को तैयार नहीं अधिकारियों ने उनके सिलिंडर जब्त कर लिए तो लोग घर को लौट गए। साथ एजेंसी के जिम्मेदारों को होम डिलिवरी के सख्त निर्देश दिए। बुधवार को अमर उजाला में गैस के लिए रात भर इंतजार, नहीं मिली तो चक्का जाम... शीर्षक से खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेकर उक्त कार्रवाई की।
गैस सिलिंडर के लिए पूरी रात सड़क किनारे मच्छरदानी लगाकर बैठे लोगों की तस्वीर और उनकी व्यथा से जुड़ी खबर बुधवार को अमर उजाला में प्रकाशित होते ही हरकत में आए अधिकारियों ने सख्त रुख अपनाया। अधिकारियों ने एजेंसी के जिम्मेदारों को तत्काल प्रभाव से सिलिंडर की होम डिलीवरी शुरू करने के निर्देश दिए। इतना ही नहीं विभिन्न स्थानों पर गैस के लिए लाइन में खड़े उपभोक्ताओं तक पुलिस फोर्स भी पहुंची और उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार अभियान चलाकर सभी उपभोक्ताओं को वापस घर भेज दिया गया, जो उपभोक्ता लाइन से हटने को तैयार नहीं हुए पुलिस ने उनका सिलिंडर तक जब्त कर लिया।
वहीं लाइन समाप्त होने के बाद एसडीएम नवीन प्रसाद के निर्देश पर गैस की गाड़ियां तत्काल गोदाम से होम डिलीवरी के लिए निकल पड़ीं और उपभोक्ताओं को उनके घर ही गैस उपलब्ध कराया। एसडीएम नवीन प्रसाद ने बताया कि गैस वितरण को लेकर अब एजेंसी के जिम्मेदार या उपभोक्ता किसी की भी मनमानी हरगिज बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीएसी नंबर के आधार पर नियमानुसार ही अब गैस का वितरण होगा। यदि किसी ने भी मनबढ़ई करने की कोशिश की तो प्रशासन उनसे सख्ती से निपटेगा। एसडीएम ने बताया कि उपभोक्ता अपने पंजीकृत नंबर से गैस की ऑनलाइन बुकिंग कर डीएसी नंबर प्राप्त कर उसे सुरक्षित रख लें। बुकिंग के बाद डिलीवरी का निर्धारित समय आने पर एजेंसी की ओर से संबंधित उपभोक्ता को फोन कर सीधे उनके घर सिलिंडर पहुंचाया जाएगा।