महराजगंज। जिले में 1213 स्थान पर होलिका दहन होगा। कोई नई परंपरा शुरू नहीं होगी। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। प्रत्येक स्थान पर क्लस्टर मोबाइल की तैनाती रहेगी। फोर्स की उपलब्धता के हिसाब से कर्मी तैनात रहेंगे। अति संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के लिए दो प्लाटून पीएसी तैनात रहेगी।
जानकारी के अनुसार, होली पर्व को लेकर सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। होली पर हुडदंग करने वालों की खैर नहीं है। पुलिस ऐसे लोगों पर विशेष नजर रखेगी। कंट्रोल रूम को सक्रिय कर दिया गया है। शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। जिले में परतावल, श्यामदेउरवा, सिसवा समेत बार्डर क्षेत्र में निगरानी तेज कर दी गई है। सीमावर्ती इलाकों में संयुक्त गश्त की जा रही है। वहीं प्रशासन की ओर से भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। होलिका दहन स्थल के लिए थानावार खंड शिक्षा अधिकारी, बीडीओ, तहसीलदार को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सफाई व्यवस्था बेहतर करने के लिए एडीओ पंचायत, डीपीआरओ, अधिशासी अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। नगरों में निर्बाध पानी व बिजली की आपूर्ति के लिए जरूरी दिशा निर्देश दिए जा चुके हैं। कहीं कोई समस्या न हो, इसे ध्यान में रखते हुए मुकम्मल इंतजाम हुए हैं। होली 25 मार्च को जिले में मनाई जाएगी।