हियुवा ने जिले के कई स्थानों पर प्रदर्शन कर ओवैसी का पुतला फूंका।
हैदराबाद के सांसद आसदुद्दीन ओवैसी की भारत माता की जय पर टिप्पणी से लोगों में गुस्सा बढ़ता जा रहा है। लगातार प्रदर्शन और गिरफ्तारी की मांग हिंदू संगठनों द्वारा की जा रही है। शनिवार को जिले के फरेंदा, बृजमनगंज और सिसवा बाजार में हियुवा की ओर से प्रदर्शन और ओवैसी का पुतला फूंका गया।
फरेंदा प्रतिनिधि के मुताबिक जिला पंचायत सदस्य एवं हियुवा नेता जितेंद्र शर्मा के नेतृत्व में शनिवार को कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकाला। ओवैसी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लेदवा चौराहे पर पुतला फूंका। जितेन्द्र शर्मा ने कहा कि भारत माता का जय न बोलना राष्ट्र द्रोह की श्रेणी में आता है। ओवैसी का बयान राष्ट्र प्रेमियों का अपमान है। देश की एकता और अखंडता को खंडित करने वाला बयान देकर घृणित काम कर रहा है। देश की नागरिकता समाप्त कर उसके खिलाफ देश द्रोह का मुकदमा दर्ज होना चाहिए। महेश जायसवाल, विजय जायसवाल, दीनबंधु यादव, अखिलेश भाई गुप्ता, अशोक राज, सतीश गौड़, राहुल पासवान, रामकृष्ण चौरसिया, आदि लोग रहे।
सिसवा बाजार प्रतिनिधि के मुताबिक सांसद ओवैसी द्वारा भारत माता की जय बोलना देश के संविधान में नहीं है के बयान से हिंदू युवा वाहिनी के लोग उग्र हैं। नगर इकाई व ब्लॉक इकाई के पदाधिकारियों ने गोपाल नगर तिराहे पर ओवैसी का पुतला फूंक कर विरोध प्रदर्शन किया। नगर संयोजक मनीष शर्मा ने कहा कि ओवैसी हमेशा भारत विरोधी बयान देकर भारत की एकता और अखंडता को खंडित करने का काम करते हैं। ऐसे व्यक्ति की सांसद सदस्यता समाप्त कर देनी चाहिए। राष्ट्रद्रोह की कार्रवाई की जाए।
हियुवा के ब्लॉक अध्यक्ष शेषमणि ने कहा कि जो व्यक्ति देश में रहकर भारत माता के आंचल को कलंकित करने का कार्य करे उसे जेल भेज देना चाहिए। इस दौरान गंगा सागर जायसवाल, संतोष निषाद, विजय कुमार, संजय जायसवाल, अनिल कुमार, मुन्ना गौड़, पप्पू वर्मा मौजूद रहे।