राजस्थान की जोधपुर हाईकोर्ट में दो एडवोकेट क्लर्क (मुंशी) नुपुर शर्मा के बयान को लेकर आपस में भिड़ गए। एक मुंशी सोहेल खान ने दूसरे साथी को नुपुर शर्मा के समर्थन में पोस्ट करने पर कन्हैया जैसा हाल करने की धमकी दे डाली। इसी बाद को लेकर गुरुवार हाईकोर्ट परिसर में दोनों के बीच कहासुनी हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने धमकी देने वाले मुंशी सोहेल खान को हिरासत में ले लिया है।
कुड़ी थाना पुलिस के अनुसार हाईकोर्ट में एडवोकेट क्लर्क महेंद्र सिंह राजपुरोहित ने आरोप लगाया कि उसी कोर्ट में क्लर्क सोहेल खान ने नूपुर शर्मा के समर्थन में पोस्ट लगाने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। महेंद्र ने बताया कि सोहेल ने उससे कहा कि तेरा भी अंजाम कन्हैया की तरह ही होगा।
बताया जा रहा है कि दोनों के बीच हुई बातचीत का व्हाट्सएप चैट भी सामने आए हैं। जिसमें सोहेल खान महेंद्र से धमकी भरे अंदाज में बात कर रहा है। इसी बात को लेकर आज हाईकोर्ट परिसर में दोनों के बीच विवाद हो गया। सूचना पर मौके पर पहुंची कुड़ी थाना पुलिस ने दोनों को शांत कराया। इसके बाद सोहेल खान हिरासत में लेकर थाने ले आई।
जानें 28 जून को क्या हुआ कन्हैया के साथ?
इन दिन उदयपुर में कन्हैयालाल की हत्या कर दी गई थी। वह धानमंडी इलाके के भूत महल क्षेत्र में रहते थे और पेशे से दर्जी थे। दो मुस्लिम युवक कपड़े का नाप देने के बहाने उनकी दुकान पर पहुंचे और धारदार हथियार से कन्हैया पर वार करना शुरू कर दिया। ताबड़तोड़ हमलों ने कन्हैया को संभलने का मौका तक नहीं दिया। उसकी गर्दन कट गई और मौके पर ही मौत हो गई। हमले में दुकान पर काम करने वाला उसका साथी ईश्वर सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।