महराजगंज। माध्यमिक शिक्षा परिषद के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट अभ्यर्थियों की सहूलियत पर बोर्ड ध्यान दे रहा है। इसके लिए जिला स्तर पर हेल्प डेस्क गठित कर विद्यार्थियों को लाभान्वित किया जाएगा। एक सप्ताह में हेल्प डेस्क काम करने लगेगी।
यूपी बोर्ड परीक्षा कार्यक्रम घोषित होने के बाद परीक्षा केंद्र निर्धारण प्रक्रिया अंतिम चरण में है। इस बीच परीक्षार्थियों के लिए राहत भरी खबर है कि शीघ्र ही उन्हें परीक्षा के तनाव व पाठ्यक्रम संबंधित सहयोग के लिए हेल्प डेस्क की सुविधा मिलेगी। जनपद में कुल 278 माध्यमिक स्कूलों से 7,0701 विद्यार्थी हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड की परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षा से पहले छात्रों की शैक्षणिक समस्याओं के समाधान और मानसिक तनाव कम करने के उद्देश्य से सप्ताह के अंदर विशेष हेल्प डेस्क जिले में प्रभावी हो जाएगी। इसका मोबाइल नंबर भी जल्दी ही जारी कर दिया जाएगा। इस डेस्क पर परीक्षार्थी अपनी शंकाएं दर्ज करा सकेंगे। डेस्क पर विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की तैनाती मदद देने के लिए रहेगी। पाठ्यक्रम से संबंधित जानकारी, प्रश्नपत्र के पैटर्न, अंक विभाजन, उत्तर लिखने की सही तकनीक और समय प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर वह विद्यार्थियों की मदद करेंगे।