महराजगंज। सुबह-शाम की ठंड बढ़ गई है। बढ़ती ठंड के बीच गर्मी देने वाले इलेक्ट्रिक उत्पादों का बाजार गर्म है। रूम हीटर से लेकर गीजर और इमर्सन रॉड की बिक्री बढ़ रही है। मौसम को देखते हुए कारोबारियों ने कम से कम मूल्य के उत्पादों के साथ ब्रांडेड कलेक्शन जुटा रखे हैं। क्योंकि इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की मांग में तेजी आई है।
जिला मुख्यालय के इलेक्ट्रिक बाजार में तरह- तरह के हीटर, इलेक्ट्रिक केटल, गीजर और गर्म पानी से जुड़े उपकरणों की बिक्री बढ़ी है। दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ जुटने लगी है। दुकानदारों ने उपकरणों से दुकानें सजा दी हैं। लोग वारंटी, सर्विस, कैश भुगतान जैसी सुविधाओं का लाभ भी ले रहे हैं। कारोबारी सुमित कुमार वर्मा ने बताया कि उनके यहां रूम हीटर 800 रुपये से 1500 रुपये तक की रेंज में है। गैस गीजर 4500 रुपये से 6000 तो इलेक्ट्रिक गीजर 8000 से 12000 रुपये तक है। टब इत्यादि में पानी गर्म करने वाला इमर्सन रॉड 300 रुपये से 500 रुपये में उपलब्ध है। अधिकतर लोग गैस गीजर या इमर्सन राड की खरीद कर रहे जिससे गर्म पानी का प्रबंध कर स्नान का प्रबंध कर सकें। इलेक्ट्रिक के दुकानदार अमित कुमार ने बताया कि ऑनलाइन खरीदारी की प्रतियोगिता के बीच भी लोकल बाजार में ग्राहकों की संख्या अच्छी बनी है।