महराजगंज। मौसम बदलने से तापमान में कमी तो उमस की अधिकता माह के दूसरे पखवाड़े में बढ़ी है। उमस के कारण पेट के रोगी तेजी से बढ़े हैं। पहले डायरिया का प्रकोप था तो अब अपच व गैस के कारण पेट फूलने की समस्या बढ़ रही है।
साथ ही घमौरियों के कारण लोगों को जलन के साथ त्वचा छिलने का एहसास हो रहा है। बुधवार ओपीडी में पेट दर्द, गैस व बदहजमी की समस्या के 23 तो घमौरियों से परेशान आठ रोगी अस्पताल पहुंचे।
जिला अस्पताल की ओपीडी में बुधवार 913 रोगियों का उपचार हुआ। पेट से जुड़ी बीमारियों से प्रभावित रोगियों की जांच रिपोर्ट देख डाॅ. पवन कुमार ने बैक्टीरियल प्रभाव बताया। कहा कि उमस भरे मौसम में गरिष्ठ भोजन पचने में असुविधा होती है। ऐसे मौसम में हल्का, ताजा व सादा भोजन ही प्रयोग करने की सलाह मरीजों को देते हुए तेल, मिर्च-मसाला युक्त भोजन व मांसाहार न करने की सलाह के साथ दवा उपलब्ध कराई गई।