मेले में 1,397 लोगों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण
घुघली/परतावल (महराजगंज)। क्षेत्रवासियों के सेहत की जांच के लिए परतावल एवं घुघली में स्वास्थ्य मेले का आयोजन बुधवार को किया गया। मेले में 1,397 लोगों की सेहत की जांच की गई। सर्दी, बुखार, सिर दर्द के ज्यादा मरीज मेले में पहुंचे।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघली में आयोजित मेले में मुख्य अतिथि केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी रहे। मेले में 20 आयुष्मान कार्ड वितरित किया गया। 247 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री ने कहा कि सरकार, लोगों के स्वास्थ्य के प्रति बेहद गंभीर है। सरकार स्वास्थ्य संबंधी कई योजनाएं चला रही है। सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने कहा कि सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी कर रहे हैं। स्टाल पर आमजन जानकारी ले सकते हैं।
मेले में स्वास्थ्य विभाग, महिला व बाल विकास परियोजना, योग व आयुष, शिक्षा विभाग, खाद्य एवं रसद विभाग, युवा कल्याण, पंचायती राज विभाग सहित अन्य विभागों ने 24 स्टाल लगाए थे।
इस दौरान पूर्व चैयरमैन वीरेंद्र सिंह, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि ओमप्रकाश जायसवाल, जिला पंचायत सदस्य प्रभु यादव, भोला मल्ल, सीएमओ डॉ. एके सिंह, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमित विक्रम सिंह, डॉ. मधुकर आदि मौजूद रहे।
परतावल बीआरसी परिसर में आयोजित स्वास्थ्य मेले में 1,150 लोगों ने सेहत की जांच कराई। केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने मेले का शुभारंभ किया। पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, डॉ. राजेश द्विवेदी, अधिशासी अधिकारी देवेंद्र मणि त्रिपाठी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी राकेश कुमार, डॉ. विपिन शुक्ला, छविनाथ मद्धेशिया, संजीव सिंह आदि मौजूद रहे।
-------------------
केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री ने शहीदों को दी श्रद्धांजली
विशुनपुर गबडुआ में शहीद स्मारक पर केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने पुष्प अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजली दी। उनके साथ मौजूद सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया समेत पार्टी के तमाम कार्यकर्ताओं ने श्रद्धासुमन अर्पित किया।