पीएचसी कोहड़वल में मरीज का इलाज करते डॉ एसएन प्रसाद ।
महराजगंज। जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का आयोजन हुआ। मेले में सर्दी-जुकाम, बुखार, टाइफाइड और मलेरिया से पीड़ित मरीज पहुंचे लेकिन समुचित चिकित्सा सुविधाओं के अभाव में कई मरीजों को परेशान होना पड़ा। विशेष तौर पर जांच की सुविधा नहीं होने से मरीजों को परेशान होना पड़ा।
सुबह 11 बजे पीएचसी मौलागंज में डॉ. शमशाद मरीजों का इलाज करते दिखे। इंद्रासन ने बताया कि उन्हें शुगर की समस्या है लेकिन मेले में दवा नहीं मिलने से काफी परेशानी हुई। ममता ने बताया कि उन्हें टाइफाइड बुखार है। मेले में डॉक्टर ने बिना खून जांच के कुछ दवाएं दे दीं। दोपहर 12:12 बजे पीएचसी कोहड़वल में डॉ. एसएन. प्रसाद मरीजों का इलाज करते मिले। गायत्री देवी ने बताया कि वे सर्दी-जुकाम और बुखार से पीड़ित हैं। डॉक्टर ने कुछ दवाएं देकर सलाह दिया कि अगर आराम न मिले तो जिला अस्पताल में खून जांच कराकर इलाज करवाएं। धीरज ने भी बुखार की शिकायत के कारण इलाज करवाया लेकिन उन्हें भी केवल कुछ दवाएं ही मिलीं। दोपहर 1:30 बजे पीएचसी खुशहाल नगर में डिप्टी सीएमओ व मुख्यमंत्री आरोग्य मेला के नोडल अधिकारी डॉ. केपी सिंह मरीजों का इलाज करते नजर आए। उन्होंने 38 मरीजों को देखा। इस दौरान डॉ. आरएम शर्मा भी मौजूद रहे। मरीज विनोद कुमार ने बताया कि वे सर्दी-जुकाम से परेशान थे, मेले में उन्हें कुछ दवाएं मिलीं। मलेरिया से पीड़ित मनीषा ने बताया कि डॉक्टर ने दवा देकर सलाह दिया है कि अगर आराम न मिले तो जिला अस्पताल में जांच कराएं।