धानी बाजार। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के धानी चौकी पर तैनात हेड कांस्टेबल रामनयन मौर्य (40) की आकस्मिक मौत हो गई। मृतक हेड कांस्टेबल ग्राम लोहरा, थाना मुबारकपुर, जिला आजमगढ़ के निवासी हैं।
जानकारी के अनुसार, सोमवार की दोपहर में बृजमनगंज थाना के धानी चौकी पर तैनात हेड कांस्टेबल रामनयन मौर्य अपने हमराही हेड कांस्टेबल अनूप तिवारी के साथ विभिन्न गांवों में हिस्ट्रीशीटर का सत्यापन कर बाइक से वापस चौकी पर आ रहे थे। इस दौरान धानी बाजार से लगभग 500 मीटर पहले ही उनके हाथ और पैर में कंपन्न शुरू हो गया। इस पर पीछे बैठे हेड कांस्टेबल अनूप तिवारी ने गाड़ी रोकवा कर ग्रामीणों की मदद से उन्हें सीएचसी धानी ले गए, जहां मौजूद सीएचसी अधीक्षक चिकित्सक डॉ. प्रकाश चंद चौधरी ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया गया है कि राम नयन मौर्य विगत दो वर्षों से धानी चौकी पर कार्यरत थे। सूचना पर पुलिस क्षेत्राधिकारी फरेंदा बसंत सिंह भी सीएचसी धानी पहुंचे और अधीनस्थ कर्मियों से घटना की पूरी जानकारी प्राप्त की। थानाध्यक्ष बृजमनगंज सत्यप्रकाश सिंह का कहना है कि घटना के बारे में परिजनों को सूचित कर दिया गया है। परिजनों के आने के बाद ही शव को जांच के लिए भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।