फंदे से लटका मिला महिला का शव
- बुढ़ाडिह गांव का मामला, दो बच्चों के साथ रहती थी महिला
संवाद न्यूज एजेंसी
निचलौल। थाना क्षेत्र के बुढ़ाडिह गांव में रविवार की सुबह घर के अंदर संदिग्ध परिस्थिति में एक महिला का शव मिला। पुलिस ने फंदे से महिला का शव को नीचे उतारकर कब्जे में ले लिया।
इंस्पेक्टर सुनील कुमार राय ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि बुढ़ाडिह निवासी रामबहादुर रोजी-रोटी के सिलसिले में बाहर हैं। रामबहादुर की पत्नी सरोज (25) दो छोटे बच्चों के साथ घर पर रहती थीं। सरोज का तबीयत काफी दिनों से खराब थी। जिसके चलते वह मानसिक रुप से तनाव में थी। सरोज इलाज के सिलसिले में शनिवार को मां के साथ निचलौल भी गई थी। जहां से देर रात वापस घर आई। उसके बाद हर रोज की तरह खाना खाकर घर के अंदर सोने चली गई, लेकिन सरोज सुबह देर तक कमरे से बाहर नहीं निकली। उसके बाद ससुर रामलखन ने कमरे में देखा, तो पता चला कि सरोज फंदे से लटकी है। इंस्पेक्टर का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।