हल्की बारिश में ही उखड़ गईं गिट्टियां
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। मानसून की हल्की बारिश में ही निर्माणाधीन सड़क की गिट्टियां उखड़ने लगी हैं। इसके साथ ही महराजगंज-सिन्दुरियां मार्ग पर सड़क की गुणवत्ता की पोल भी खुलने लगी है। राहगीरों का कहना है कि एक तरफ सड़क बनती जा रही है वहीं गिट्टियां उखड़ती जा रही हैं। ऐसे में भारी बारिश होने पर तो इस सड़क की स्थिति और खराब हो जाएगी। जिस पर आवागमन कष्टदायक हो जाएगा।
महराजगंज-निचलौल सड़क स्टेट हाईवे है। इस सड़क को चौड़ा कर निर्माण के लिए पहले करीब 64 करोड़ की कार्ययोजना शासन में भेजी गई थी। मगर शासन स्तर से धन धीरे-धीरे जारी किए जाने के कारण अभी तक महराजगंज से करीब 12 किमी. सड़क को ही पिच किया गया है। सतीश कुमार ने कहा कि हल्की बारिश में ही धनेवा-धनेई के पास इस सड़क की गिट्टियां उखड़ गई हैं। जिससे राहगीरों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है है। धनेवा धनेई के रहने वाले अमितेश त्रिपाठी ने कहा कि एक तो लंबे समय बाद महराजगंज से सिंदुरिया तक सड़क पिच कराई गई लेकिन गुणवत्ता विहीन कार्य होने के कारण हल्की बारिश में ही गिट्टियां उखड़ गईं।