महराजगंज। जिले में संचालित सामुदायिक शौचालय की देखरेख करने वाले स्वयं सहायता समूहों को आगे बढ़ाने की सोच को झटका लग रहा है। कारण की ग्राम पंचायतों की ओर से उनका समय से भुगतान नहीं किया जा रहा है। जिले के सभी ब्लॉकों में चलने वाले 847 सामुदायिक शौचालयों में से 670 पर कार्य करने वाले समूहों को तीन माह से अधिक समय से भुगतान नहीं किया जा रहा है। भुगतान न होने से समूह के सदस्य परेशान हैं।
जिले के 847 स्वयं सहायता समूहों में अब तक महज 177 को ही ग्राम सभा की ओर से कार्य के एवज में भुगतान हुआ है। अभी भी जिन 670 समूहों को भुगतान नहीं किया गया है उनमें निचलौल के सर्वाधिक 99, लक्ष्मीपुर के 87, मिठौरा के 74, नौतनवां के 70, घुघली व सिसवा के 59-59, सदर के 55, फरेंदा के 51,परतावल के 39, पनियरा के 31, बृजमनगंज के 26 व धानी के 20 समूह हैं।
स्वयं सहायता समूहों के भुगतान में रूचि न लेना दुर्भाग्यपूर्ण है। ग्राम पंचायतों के जिम्मेदार जल्द समूहों का भुगतान करना सुनिश्चित करें।
-यावर अब्बास, जिला पंचायत राज अधिकारी