ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली (एफआरएस) और अन्य विभागों के अतिरिक्त कार्यों का विरोध प्रमुख
आंदोलन जारी रहने तक अधिकारियों की अभिरक्षा में रहेंगे डोंगल
महराजगंज। उत्तर प्रदेश ग्राम पंचायत अधिकारी संघ एवं ग्राम विकास अधिकारी एसोसिएशन के आह्वान पर सदर ब्लॉक परिसर में सोमवार को ग्राम पंचायत सचिवों ने लंबित मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। सचिवों ने ब्लॉक विकास अधिकारी (बीडीओ) के माध्यम से अपने डीएससी/डोंगल जमा कर सांकेतिक विरोध दर्ज कराया। यह प्रदर्शन प्रांतीय स्तर पर चल रहे शांतिपूर्ण सत्याग्रह का हिस्सा है। प्रदर्शनकारियों ने ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली (एफआरएस) और अन्य विभागों के अतिरिक्त कार्य थोपने का आरोप लगाया।
जिलाध्यक्ष राजेश सिंह के नेतृत्व में एकत्रित सचिवों ने मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को संबोधित दस सूत्री मांगपत्र बीडीओ को सौंपा। सचिवों का कहना है कि एक व पांच दिसंबर को भी मांग पत्र सौंपा जा चुका है लेकिन अब तक किसी स्तर पर कोई सुनवाई नहीं हुई है। सचिवों ने स्पष्ट किया कि मूल विभागीय कार्यों के अलावा अन्य विभागों के कार्य थोपे जाने और बिना संसाधनों के ऑनलाइन उपस्थिति अनिवार्य करने के खिलाफ यह विरोध प्रदर्शन है। सचिवों ने चेतावनी दी कि 15 दिसंबर तक मांगें पूरी न होने पर सभी ग्राम पंचायत सचिवों ने सामूहिक रूप से अपने डीएससी/डोंगल बीडीओ कार्यालय में जमा कर दिए हैं। आंदोलन जारी रहने तक ये डोंगल सुरक्षित अधिकारियों की अभिरक्षा में रहेंगे। इस दौरान अविनाश श्रीवास्तव, रामपाल यादव, सुमन गुप्ता, प्रियंका पटेल, विष्णुप्रिया दूबे, सुनीता केशरी, फिरोज आलम मौजूद रहे।