पुलिस लाइन में राज्यपाल के आगमन को लेकर निरीक्षण करते डीएम अनुनय झा व एसपी सोमेन्द्र मीणा।
महराजगंज। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल आज जनपद में होंगी। उनका मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम तय होने के बाद रविवार को पूरे दिन व देर रात सभी इंतजाम पुख्ता किए जाते रहे। प्रशासनिक अमला इस प्रयास में जुटा रहा कि निर्धारित कार्यक्रम में किसी तरह की चूक की संभावना न रह जाए।
कौन क्या संभालेगा इसका निर्धारण भी डीएम ने देर शाम कर दिया। तय शेड्यूल के मुताबिक कलक्ट्रेट में कुल 2 घंटा 35 मिनट का समय व्यतीत करेंगी। इस दौरान सुरक्षा का मजबूत प्रबंध होगा। मंच के निकट जाने की अनुमति किसी को नहीं होगी। जिन लाभार्थियों को सम्मानित होना है सिर्फ वही लाभार्थी दर्शक दीर्घा में बैठाए जाएंगे। ड्रोन कैमरे से पूरे कार्यक्रम पर नजर रखी जाएगी।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल 9 बजकर 25 मिनट पर कलक्ट्रेट में पहुंचेगी और यहां राज्य व केंद्र की योजनाओं की जानकारी के लिए लगे स्टाल का अवलोकन करेंगी। 9 बजकर 40 मिनट पर कार्यक्रम स्थल के मंच पर पहुंचेगी जहां उन्हें स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया जाएगा। 9 बजकर 50 मिनट पर आंगनबाड़ी व परिषदीय स्कूल की छात्राएं कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगी। इसके बाद 10:30 बजे तक वह मंच पर रहकर लाभार्थियों को सम्मानित करेंगी।
10 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पोषण किट और 10 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र देंगी। 5 वरिष्ठ नागरिकों को आयुष्यान कार्ड व 5 को क्षय रोग पोटली देंगी। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 5 मुसहर समुदाय के लोगों को आवास निर्माण का स्वीकृति पत्र उपलब्ध कराएंगी। 5 किसानों को प्रधानमंत्री सम्मान निधि प्रपत्र, 5 को कृषि यंत्र के लिए स्वीकृति पत्र व 5 किसानों को बीज किट प्रदान करेंगी। ओडीओपी के तहत दो लाभार्थियों को टूलबाक्स व तीन को 10-10 लाख रुपये का ऋण प्रपत्र देंगी।
बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के लिए भी पांच को सम्मानित करेंगी। सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक वह डीएम, सीडीओ और पुलिस अधीक्षक के साथ बैठक करेंगी।