सदर तहसील सभागार में कोटेदार की बैठक को संबोधित करते जिला पूर्ति अधिकारी गौरी शंकर शुक्ला।
- फोटो : MAHARAJGANJ
अब सरकारी राशन दुकानदार जमा करेंगे बिजली बिल
महराजगंज। बकाया बिल वसूली में आए दिन हो रही गड़बड़ी और लापरवाही की शिकायतों को ध्यान में रखकर बिजली विभाग ने पहल की है। अब अब बिजली उपभोक्ताओं को बिल जमा कराने के लिए शहर का रुख नहीं करना पड़ेगा। अब गांव में कोटेदार बिजली का बिल जमा कर उपभोक्ताओं को रसीद मुहैया करा देंगे। इसके लिए सदर तहसील सभागार में बृहस्पतिवार को कोटेदारों को प्रशिक्षण दिया गया।
जिलापूर्ति अधिकारी गौरी शंकर शुक्ला ने बताया कि शासन की ओर से गांव के कोटेदार को अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। अब कोटेदारों राशन वितरण के साथ उपभोक्ताओं को बिजली बिल जमा करने की सुविधा मुहैया कराएंगे। उन्होंने कोटेदारों को बिजली बिल जमा करने को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। आपूर्ति निरीक्षक विद्या निवास मिश्रा ने कहा कि कोटे की दुकानों पर बिजली बिल जमा करने के लिए यूपी पावर कार्पोरेशन लिमिटेड गठजोड़ हुआ है। इसके लिए विभाग की ओर से जरूरी निर्देश जारी किए गए हैं। इस मौके पर आपूर्ति निरीक्षक वंदना तिवारी, ईपास के डिस्ट्रीक मैनेजर विनय कुमार पांडेय, विष्णु जायसवाल, दीपक पांडेय, अभिषेक, कोटेदार पौहारी शरण, रमेश चंद, सत्तन, ईश्वर पटेल आदि मौजूद रहे।