सहजनवां थाना क्षेत्र में रविवार रात में हुआ हादसा, मेडिकल कॉलेज में भर्ती है घायल
सहजनवां। सहजनवां क्षेत्र के जोगिया चौराहे पर रविवार की देर रात तेज रफ्तार कार सड़क किनारे पेड़ से टकराने के बाद गड्ढे में पलट गई। हादसे में भीटी रावत निवासी अभय यादव (28) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कार में सवार राजेश यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को पहले सीएचसी सहजनवां और फिर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, भीटीरावत निवासी अभय यादव रविवार शाम अपने दोस्तों संग पार्टी करने गया था। देर रात वे घर लौट रहे थे। सहजनवां थाना क्षेत्र के तिलौरा के पास जोगिया चौराहे पर उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई और गड्ढे में पलट गई। जानकारी पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और कार में फंसे दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक अभय यादव की मौत हो चुकी थी। जबकि दोस्त फरेंदा निवासी राजेश यादव गंभीर रूप से घायल गया। राजेश बसिया में अपने रिश्तेदार के घर पर रहता है। इधर, सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
इस संबंध में एसपी नार्थ जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि हादसे के समय कार सवार नशे में थे। कार की स्पीड भी अधिक थी। परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है।
मिलनसार था अभय , घर में मची चीख-पुकार
परिजनों ने बताया कि अभय यादव कि एक छोटी बेटी है। घटना की सूचना मिलते ही घर में चीख पुकार मच गई। पत्नी और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने अभय को मिलनसार और मददगार बताया, जिसकी असमय मौत से पूरा गांव गमगीन है।
ग्रामीणों ने स्पीड ब्रेकर और रिफ्लेक्टर लगाने की मांग की
ग्रामीणों का कहना है कि सहजनवां क्षेत्र के तिलौरा से जोगिया चौराहे तक की सड़क पर अक्सर तेज गति से वाहन चलते हैं। इसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। स्थानीय लोगों ने सड़क पर स्पीड ब्रेकर और रिफ्लेक्टर लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
140 की स्पीड में थी कार
घायल राजेश यादव ने पुलिस को बताया कि हादसे के वक्त कार की स्पीड 140 किमी प्रति घंटे थी। हादसा इतना जोरदार था कि कार के परखचे उड़ गए। कार में लगा एयरबैग भी खुल गया था। इससे अधिक वक्त नहीं बता सका। हालांकि यह भी अनुमान लगाया जा रहा है कि किसी वाहन की मामूली टक्कर से कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकराई। इसके बाद गड्ढे में चली गई। फिलहाल, पुलिस हादसे की असल वजह जानने की कोशिश कर रही है।