आसपास के लोगों की मदद से आग पर पाया गया काबू
ठूठीबारी। आदर्श नगर मोहल्ले में स्थित एक दवा की दुकान में मंगलवार की रात में अचानक आग लग गई। आग से दुकान में रखा हजारों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण पंखे में शाॅर्ट सर्किट होना बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, आदर्श नगर मोहल्ला निवासी भवन प्रसाद गुप्त के घर में स्थित दवा की दुकान से रात करीब एक बजे धुआं निकलकर पूरे मकान में फैलने लगा। कुछ जलने की गंध महसूस होने पर मकान मालिक ने बालकनी में आकर देखा तो दुकान से ही धुएं का गुबार निकलता दिखा। उन्होंने शोर मचाते हुए घर में सो रहे सभी लोगों को बाहर निकाला और आग बुझाने में जुट गए।
शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच कर आग बुझाने में मदद की। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पा लिया। इस बीच दमकल की गाड़ियां भी वहां पहुंच गईं थीं। कोतवाली प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी थी। आसपास के लोगों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया।