सिसवा से बाइक सवार होकर घर लौट रहे थे दंपती
आरोपी वाहन चालक मौके वाहन लेकर हो गया फरार
निचलौल। थाना क्षेत्र के सिसवा मार्ग स्थित बूढ़ाडीह गांव के पास हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दंपति घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पाकर मौके पहुंची पुलिस ने दोनों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने पति को मृत घोषित कर दिया। जबकि पत्नी की हालत नाजुक देख प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, थाना क्षेत्र के निचलौल नगर पंचायत वार्ड अंतर्गत महाशय वार्ड निवासी लाल बहादुर वर्मा (58) पत्नी रानी वर्मा (56) के साथ बाइक से सिसवा बाजार की ओर गए थे। दोनों एक साथ बाइक से घर लौट रहे थे। अभी वह लोग सिसवा मार्ग स्थित बूढ़ाडीह गांव के पास पहुंचे थे। इसी बीच उनकी बाइक को एक वाहन ने चपेट में ले लिया। दुर्घटना में लाल बहादुर वर्मा की मौत हो गई जबकि पत्नी रानी वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से वाहन लेकर भागने में सफल रहा। दुर्घटना के बाद पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है। लाल बहादुर वर्मा स्वर्ण व्यवसायी हैं।
थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार वर्मा के अनुसार हादसे के बाद तत्काल मौके पर पहुंच दोनों घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। रानी वर्मा की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें परिजनों के साथ जिला अस्पताल भेज दिया गया है। मृतक के शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है।
अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दंपती घायल
भिटौली/शिकारपुर। थाना क्षेत्र के उपनगर भिटौली पुल पर महराजगंज की तरफ से आ रही तेज रफ़्तार कार ने महराजगंज की तरफ से आ रहे बाइक सवार को टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक सवार पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के बैरिया निवासी शीतल प्रसाद अपने बाइक पर पत्नी कौशल्या देवी को बैठा कर रिश्तेदारी से आ रहे थे। भिटौली पुल पर कार की चपेट में आने से दोनों घायल हो गए। थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र ने बताया कि घायलों का इलाज कराया जा रहा है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।