महराजगंज। अब मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सदर पर ओपीडी पर्ची बनवाने के लिए लंबी कतार में खड़े होने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से एक नई डिजिटल सुविधा शुरू की गई है। इसके तहत मरीज अपने मोबाइल फोन से खुद ही ओपीडी पर्ची बना सकेंगे।
यह सुविधा स्वास्थ्य सेवाओं को सरल, सुलभ और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. केपी ने बताया कि मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शासन की ओर से यह व्यवस्था शुरू की गई है। उन्होंने बताया कि मरीज अब स्वस्थ्य यूपी पोर्टल या मोबाइल एप के माध्यम से ओपीडी रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। इसके लिए मरीज को केवल अपना मोबाइल नंबर, नाम, उम्र, लिंग और बीमारी का विवरण भरना होगा।
इसके बाद ओपीडी पर्ची मोबाइल पर ही उपलब्ध हो जाएगी, जिसे दिखाकर मरीज डॉक्टर से परामर्श ले सकेंगे। उन्होंने बताया कि डिजिटल प्रक्रिया से न सिर्फ मरीजों का समय बचेगा, बल्कि अस्पताल में भीड़ भी नियंत्रित रहेगी। पहले मरीजों को सुबह-सुबह पर्ची बनवाने के लिए घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ता था, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और दूर-दराज से आने वाले लोगों को विशेष परेशानी होती थी।
अब यह पूरी प्रक्रिया मोबाइल पर मात्र कुछ मिनटों में पूरी की जा सकती है। इसके अलावा अस्पताल में एलईडी स्क्रीन भी लगाई जा रही है, जिन पर पंजीकरण संख्या के अनुसार मरीजों को डॉक्टर के कक्ष में बुलाने की व्यवस्था होगी। इससे मरीजों को कई बार पूछताछ करने की जरूरत नहीं होगी और व्यवस्था में पारदर्शिता भी बनी रहेगी।