महराजगंज। जवाहर नवोदय विद्यालय, धनेवा धनेइ में बुधवार को कक्षा 9 व 10 के विद्यार्थियों के लिए विशेष करियर काउंसलिंग कार्यशाला का आयोजन हुआ। कार्यशाला का संचालन सुप्रसिद्ध करियर काउंसलर पूर्णेंदु शुक्ला ने किया।
उन्होंने विद्यार्थियों को बदलते शैक्षिक परिदृश्य और भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप मार्गदर्शन दिया। उन्होंने सीबीएसई की नई परीक्षा प्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बताया कि अब बोर्ड परीक्षा वर्ष में दो बार होगी, जिससे विद्यार्थियों का दबाव कम होगा और तैयारी अधिक प्रभावी हो सकेगी। साथ ही ओपन बुक परीक्षा की अवधारणा विद्यार्थियों के समग्र विकास को प्रोत्साहित करेगी और रटंत प्रवृत्ति पर रोक लगाएगी।
उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के लाभों पर भी प्रकाश डाला। कहा कि यह नीति शिक्षा को डिग्री से आगे बढ़ाकर कौशल आधारित और व्यावहारिक बनाएगी। इससे युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता दोनों क्षेत्रों में अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने उदाहरण देकर बताया कि भविष्य में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी, डेटा साइंस और ग्रीन टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्र करियर के प्रमुख विकल्प होंगे।
सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने मेडिकल और इंजीनियरिंग से परे विकल्पों तथा गैर-पारंपरिक करियर क्षेत्रों की संभावनाओं पर प्रश्न पूछे। श्री शुक्ला ने धैर्यपूर्वक उनके प्रश्नों का उत्तर दिया और उन्हें अपनी रुचि व क्षमता के अनुरूप करियर चुनने की प्रेरणा दी। प्राचार्य आरके राय ने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं विद्यार्थियों को नई दृष्टि प्रदान करती हैं और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करती हैं।