गन्ने के खेत में ले जाकर किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म
दो युवकों ने पहले पीटा, फिर किया दुष्कर्म, आरोपियों पर केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। श्यामउेदरवा थाना क्षेत्र में दुष्कर्म की घटना थमने का नाम नहीं ले रही है। अभी सामूहिक दुष्कर्म के एक मामले को लेकर पुलिस गुत्थी सुलझाने में जुटी है कि दूसरा मामला भी सामने आ गया। इस बार पुलिस ने अपनी पुरानी गलती को नहीं दोहराया है। मामला संज्ञान में आते ही आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया है। वहीं, किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
बुधवार को श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में एक किशोरी घर से बाहर दोपहर में गई थी। घर पर उसकी मां नहीं थी। अपनी दादी से बोलकर गई कि अभी थोड़ी देर में आऊंगी। गांव के बाहर गई तो उसे दो युवक मिले। युवक उसका मुंह दबाकर पास में गन्ने के खेत में ले गए। पीड़ित किशोरी के मुताबिक गन्ने के खेत में दोनों युवकों ने पहले पीटा। इसके बाद एक युवक ने मुंह को दबाए रखा। थोड़ी ही देर में वह बेहोश हो गई। होश आने पर किसी तरह घर पहुंचकर दादी को पूरी कहानी बताई। वहीं, पीड़िता की मां की ओर से दी गई तहरीर में दो युवकों का नाम लिखा गया है। उनपर आरोप लगाया गया है कि दोनों ने किशोरी को गन्ने के खेत में ले जाकर मारा-पीटा। फिर उसके साथ दुष्कर्म कर फरार हो गए। इस संबंध में श्यामदेउरवा थानाध्यक्ष विजयराज सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही त्वरित कार्रवाई की गई। आरोपी दोनों युवकों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म की धारा के तहत केस दर्ज कर लिया है। किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा।