जर्जर हो चुके शहर के 25 वार्डों के सरकारी और गैर सरकारी भवनों को चिह्नित करेगा नगर पालिका
जर्जर मिलने पर प्रतिष्ठान के मालिक या अधिकारी को दिया जाएगा नोटिस
बृहस्पतिवार से शुरू होगा सर्वे-नोटिस अभियान चलेगा 21 अगस्त तक, पांच टीमों का किया गया गठन
महराजगंज। नगर पालिका प्रशासन बृहस्पतिवार से शहर में जर्जर भवनों का सर्वे कर उनके मालिकों को नोटिस जारी करेगा। इस अभियान के तहत सरकारी और गैर सरकारी भवनों को चिह्नित किया जाएगा। इसका उद्देश्य जर्जर भवनों के ढहने से होने वाले हादसों से पूर्व सतर्कता बरतना है।
जानकारी के अनुसार, नगर पालिका प्रशासन छह से 21 अगस्त तक यह अभियान चलाएगा। इस दौरान प्रत्येक वार्ड में गठित टीमें क्षेत्र का निरीक्षण करेंगी और ऐसे भवनों को चिह्नित करेंगी जो जर्जर हो चुके हैं और कभी भी हादसे की वजह बन सकते हैं। सर्वे के दौरान भवनों की स्थिति का आकलन कर उनकी सूची तैयार की जाएगी।
नगर पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चिह्नित किए गए जर्जर भवनों के स्वामी को नोटिस जारी किया जाएगा। नोटिस के माध्यम से भवनों की मरम्मत कराने या आवश्यक होने पर उनका ध्वस्तीकरण कराने के निर्देश दिए जाएंगे। यदि भवन स्वामी निर्धारित समय के भीतर नोटिस पर अमल नहीं करते हैं तो नगर पालिका नियमानुसार आगे की कार्रवाई करेगी।
नगर पालिका प्रशासन ने सर्वे के लिए पांच टीम बनाई है। प्रत्येक टीम में दो-दो सदस्य शामिल किए गए हैं। टीम मौके पर भवन की स्थिति को देखकर जर्जर भवन को चिह्नित करेगी।
जर्जर भवनों के बारे में मांगी सूचना
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि बरसात के मौसम में कई पुराने और क्षतिग्रस्त भवनों की दीवारें तथा छतें कमजोर हो जाती हैं, जिससे उनके गिरने की आशंका बनी रहती है। प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई भवन अत्यधिक जर्जर स्थिति में है तो उसकी सूचना नगर पालिका को दें ताकि समय रहते उसका निरीक्षण कराया जा सके। नगर पालिका की टीमें नियमित रूप से क्षेत्र का निरीक्षण करेंगी और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।
वर्जन
छह से 21 अगस्त तक नगर क्षेत्र के सभी 25 वार्डों में विशेष अभियान चलाकर जर्जर भवनों का सर्वे कराया जाएगा। सर्वे के दौरान चिह्नित भवनों के स्वामियों को नोटिस जारी किए जाएंगे और उन्हें आवश्यक मरम्मत अथवा ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करने के निर्देश दिए जाएंगे।
- आलोक कुमार, अधिशाषी अधिकारी