फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharajganj News: आस्था के घाट पर श्रद्धा की भीड़ ने दिया अस्ताचल सूर्य को अर्घ्य

विज्ञापन
विज्ञापन
महराजगंज। लोक आस्था के महापर्व छठ के तीसरे दिन रविवार को जिले के सभी छठ घाटों पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। रविवार शाम ठीक 5:04 बजे व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। इसके लिए दोपहर से ही श्रद्धालुओं का रेला घाटों की ओर पहुंचने लगा था।
विज्ञापन

जिला मुख्यालय के बलिया नाला पुल, उद्योग तिराहा, मऊ पाकड़, शास्त्री नगर पोखरा, लोहिया पार्क सक्सेना पोखरा के साथ ही निचलौल गायत्री शक्तिपीठ घाट, सिसवा के पुरैना पोखरा, सोनौली के सीमा क्षेत्र के घाट, नौतनवा और फरेंदा के घाटों की सफाई और सजावट पहले ही पूरी कर ली गई थी। रविवार दोपहर दो बजे से ही व्रती महिलाएं परिजन संग टोकरी में फल, ठेकुआ और सूप लेकर घाटों पर पहुंचने लगीं।
शाम होते-होते घाटों पर तिल रखने की जगह नहीं बची। छठी मैया के गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। छठ महापर्व को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी घाटों पर सुरक्षा और प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था की थी। पुलिस और गोताखोरों की टीम तैनात रही।
विज्ञापन

आज होगा समापन
सोमवार सुबह 6:16 बजे व्रती उदीयमान सूर्य को आखिरी अर्घ्य देंगे। इसी के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा। व्रती 36 घंटे के निर्जला व्रत के बाद पारण करेंगी और प्रसाद वितरित करेंगी।

सिसवा बाजार के 23 घाटों पर इंतजाम, प्रशासन मुस्तैद
सिसवा नगरपालिका क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 23 छठ घाटों को नगर पालिका द्वारा तोरण द्वार, कारपेट और फूल मालाओं से सजाया गया था। रविवार शाम श्रद्धा के साथ व्रती महिलाओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल ने बताया कि सभी वार्डों में व्रतियों की सुविधा के लिए व्यवस्था की गई है। कोठीभार थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा व नगर चौकी प्रभारी दिव्यप्रकाश मौर्य ने बताया कि सभी घाटों पर महिला और पुरुष पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।

नौतनवा में सेल्फी की होड़
नौतनवा में डॉ. राम मनोहर लोहिया, दोमुहान, गोशाला, बनैलिया मंदिर एवं भुंडी छठ घाट पर दोपहर से ही भीड़ उमड़नी शुरू हो गई। व्रती महिलाओं ने घुटने भर पानी में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर लोक कल्याण की कामना की। घाटों पर आस्था के साथ सेल्फी लेने की होड़ भी दिखी। सुरक्षा के मद्देनजर चप्पे-चप्पे पर पुलिस फोर्स तैनात रही। ग्रामीण क्षेत्र में बैरवा बनकटवा, खोरिया बाजार, रोहिन नदी, लालपुर, शाहपुर, सेमरहवा के कुंअहवा घाट पर रंग-बिरंगी झालरों और टेंट से सजावट की गई थी।

फरेंदा के 11 घाटों पर रही एनसीसी स्वयंसेवक
फरेंदा में दुर्गा मंदिर मानसरोवर, प्रेम पोखरा, बनकटी, मथुरानगर, परसामहंथ, उदितपुर इंटर कॉलेज पोखरा पर भारी भीड़ जुटी। व्रती महिलाएं डीजे की धुन पर गीत गाते हुए घाट पर पहुंची। यहां शंकर जी के तांडव, गणेश जी व पंचमुखी हनुमान जी की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। प्रेम शंकर पांडेय, सीओ दीपशिखा वर्मा, थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। 11 घाटों पर 102 यूपी बटालियन एनसीसी गोरखपुर के कैडेटों ने भीड़ नियंत्रण में सहयोग किया। परमेश्वर सिंह मेमोरियल पीजी कॉलेज के एएनओ लेफ्टिनेंट डॉ. संजय कुमार शर्मा के निर्देशन में सानिया, अनूप, अभिषेक सहित कई कैडेट तैनात रहे।

सोनौली सीमा पर भी छठ की छटा
भारत-नेपाल सीमा के सोनौली में चारों प्रमुख घाटों पर धूमधाम से पर्व मनाया गया। रामजानकी मंदिर परिसर, रोहिन नदी तट और कुनसेरवा बाईपास स्थित कोटही माई मंदिर परिसर के पोखरे पर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। नगर पंचायत और स्वयं सेवी संगठनों ने साफ-सफाई की व्यवस्था की थी।

निचलौल विक्टोरिया लाइट से सजा बौलिया पोखरी घाट
निचलौल नगर के कोर्ट मोहल्ला स्थित बौलिया पोखरी को विक्टोरिया लाइट से सजाया गया था। यह नजारा पहली बार देखने को मिला। घाट पर महिलाओं के साथ लोगों का हुजूम उमड़ा। नगर पंचायत अध्यक्ष शिवनाथ मद्धेशिया और एसडीएम अविनाश त्रिपाठी ने टीम के साथ जायजा लिया। सिविल ड्रेस में महिला-पुरुष सिपाहियों की ड्यूटी लगाई गई।

सीमावर्ती खनुआ में नदियों पर अर्घ्य
खनुआ क्षेत्र में घाघरा, डंडा, तिनाऊ नदियों पर हजारों व्रतियों ने डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। आराजी सरकार उर्फ बैरहिवा, सुंडी, शेख फरेंदा, हरदीडाली गांव के लोग पारंपरिक परिधान में सिर पर सूप लेकर घाट पर पहुंचे। एसएसबी और पुलिस बल तैनात रहा।

परसामलिक, ठूठीबारी, कोल्हुई में भी आस्था
परसामलिक, नौतनवा ब्लॉक के बनैलिया रोहिन बैराज, मोतीपुर, निपनिया, महुलानी, रेहरा सहित कई घाटों पर पर्व धूमधाम से मनाया गया। ठूठीबारी, शांति नगर, कालीगंज, सड़कहवां, धरमौली में चंदन नदी तट पर व्रतियों ने पूजा की। कोल्हुई के दुर्गा मंदिर अमृत सरोवर और शिव मंदिर पोखरे पर छठी मैया के जयकारे गूंजे। ग्राम प्रधान रामकेश प्रजापति सहित कई लोग मौजूद रहे।

अड्डा बाजार और चिउटहां- गांव-गांव में गूंजे छठ गीत
अड्डा बाजार में महुवा अमृत सरोवर, गजरहा डूड़ी नदी, बनगाई पोखरा, बरवांकला पोखरी सहित कई घाटों पर भीड़ रही। चिउटहां ब्लॉक के हेवती अमृत सरोवर, बेलभरिया, करमही, लक्ष्मीपुर कोट घाटों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। कई जगह छठी मैया की प्रतिमा स्थापित कर भजन-कीर्तन हुआ। सोमवार सुबह 6:16 बजे उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें