महराजगंज। जुमे की नमाज के मद्देनजर शुक्रवार को जिले में पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा। विभिन्न थाना क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने प्रमुख कस्बों, नगरों और संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च कर आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। मस्जिदों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही।
दोपहर की नमाज से पहले ही पुलिस बल प्रमुख मस्जिदों के बाहर तैनात रही। कोतवाली, श्यामदेउरवा, फरेंदा, नौतनवा, कोल्हुई, कोठीभार, सिंदुरिया, बृजमनगंज, पुरंदरपुर, ठूठीबारी, निचलौल, घुघली सहित अन्य थाना क्षेत्रों में थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस बल ने मस्जिदों के आसपास फ्लैग मार्च किया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने स्वयं कुछ इलाकों में भ्रमण कर हालात का जायजा लिया और मातहतों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में अमन-चैन बनाए रखना प्राथमिकता है। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस तैयार है। संवाद